Hazaribag News : आर्थिक मजबूती और जनकल्याण को संतुलित करता है यह बजट : हर्ष अजमेरा
Harsh Ajmera
- केंद्र सरकार के आम बजट का युवा समाजसेवी हर्ष अजमेरा ने किया स्वागत
- जनहितकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री व केंद्रीय वित्त मंत्री को दी बधाई
Hazaribag : केंद्र सरकार द्वारा रविवार को संसद भवन में प्रस्तुत किए गए आम बजट को लेकर हजारीबाग शहर के युवा समाजसेवी हर्ष अजमेरा ने इसे देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने वाला, रोजगारोन्मुख और जनकल्याणकारी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट वर्तमान आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास, स्थिरता और सामाजिक संतुलन का बेहतर समन्वय प्रस्तुत करता है। युवा समाजसेवी हर्ष अजमेरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किए गए इस बजट में आर्थिक विकास को गति देने, रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती, कृषि और ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण तथा मध्यम वर्ग को राहत देने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश, शहरी और ग्रामीण विकास, कौशल विकास, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा, डिजिटल और तकनीकी नवाचार जैसे प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करेंगे। युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में उठाए गए कदम सराहनीय हैं। साथ ही श्री अजमेरा ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रावधान यह दर्शाते हैं कि यह बजट समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला है। साथ ही राजकोषीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को प्राथमिकता देना सरकार की जिम्मेदार सोच को दर्शाता है।
उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच एक संतुलित, व्यावहारिक और दूरदर्शी बजट प्रस्तुत किया है, जो देश की अर्थव्यवस्था में भरोसा और स्थिरता बनाए रखने में सहायक होगा। अंत में युवा समाजसेवी हर्ष अजमेरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस महत्वपूर्ण आम बजट के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बजट देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आम जनता के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में प्रभावी कदम सिद्ध होगा।
