हो क्लास “तुरतुग़ं” के 13 शिक्षकों को मिला प्रमाण पत्र
● आदिवासी हो समाज युवा महासभा का कार्यक्रम
जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित आदिवासी हो समाज भवन में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिलाध्यक्ष गोमिया सुंडी की अध्यक्षता में बैठक हुई. इस अवसर पर वर्ष 2023–2024 सत्र के हो क्लास “तुरतुग़ं” के 13 शिक्षकों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सर्टिफिकेट व अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रफूल्ल आकान्त ने शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भाषा, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण में इनका योगदान सराहनीय और प्रेरणादायी है. कार्यक्रम के उपरांत आगामी सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई.
केंद्रीय सरहुल पूजा समिति द्वारा आगामी 21 मार्च को सरहुल शोभायात्रा को लेकर समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर इस पर्व को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया गया. साथ ही आगामी 29 मार्च को हो समाज भवन, गोलमुरी में दिशुम मागे पोरोब हर्षोल्लास के साथ मनाने की जानकारी दी गयी.
बताया गया कि आगामी 4 अप्रैल को वीर शहीद गंगाराम कालुन्डीया के शहादत दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 250 से अधिक रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है. आगामी 24 मई को दिल्ली के रामलीला मैदान में जनजाति समागम (डीलिस्टिंग महारैली ) में शामिल होने की भी अपील की गई. आज के आयोजन को सफल बनाने में केन्द्रीय उपाध्यक्ष सुरा बिरुली, जिला उपाध्यक्ष रवि सवैया, नर सिंह बिरूली, रायसिंह बिरूवा, डिबार पुरती, लालमोहन जमुदा तथा सरस्वती बिरुवा सावैयां, सुनीता मेलगांडी, सगीता सामड, पोनाइ सवैया, चैतन्य पुरती, मंगल दोंगो, जमुना बोदरा आदि उपस्थित थे.
