शहर के शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने की सीएम से मुलाकात
जमशेदपुर : शहर के युवा शतरंज खिलाड़ी व राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 में (अंडर-14) स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से उनके कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष अधिराज ने 7 से 16 नवंबर, 2025 तक मलेशिया में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल शतरंज प्रतिस्पर्धा के अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में राष्ट्रमंडल देशों के कई शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. अधिराज लोयला स्कूल में 8वीं कक्षा के छात्र है.
मुख्यमंत्री ने श्री अधिराज मित्रा को अपनी ओर से बधाई दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य के खिलाड़ियों में खेल के प्रति जज्बा और प्रतिभा सराहनीय रहा है. झारखंड के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपने प्रदर्शन का लोहा मनवाते हुए राज्य का नाम रोशन कर दिखाया है. मुख्यमंत्री ने उनके उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी. इस अवसर पर अधिराज मित्रा की माता रुना मित्रा, पिता उत्तम मित्रा एवं कोच अभिषेक दास उपस्थित थे.
