शहर में चोरों के हौसले बुलंद, धतकीडीह से बाइक चोरी
जमशेदपुर : शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब घनी बस्तीवाले इलाके भी सुरक्षित नहीं बच पाए हैं. ताजा मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडिह ए-ब्लॉक का है, जहां रविवार देर रात एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई. घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हुई है.
पीड़ित मोहम्मद मेहफूज़ आलम धतकीडिह के लाइन नंबर 7 में किराए पर रहते हैं. उन्होंने बताया कि उनके मित्र शेख असगर अली विदेश जाने से पहले अपनी बाइक (संख्या-जेएच05सीयू 9239) उन्हें उपयोग के लिए देकर गए थे. 30 नवंबर की शाम उन्होंने बाइक को घर के बाहर खड़ा किया था. 1 दिसंबर की सुबह करीब 5 बजे नमाज़ के लिए निकलने पर बाइक गायब मिली. सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रात 11:41 बजे एक युवक पैदल वहां पहुंचता है, कुछ देर आसपास देखकर स्थिति भांपता है और फिर बड़ी सफाई से बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार हो जाता है. मेहफूज़ के अनुसार चोरी हुई बाइक की कीमत लगभग 80 हजार रुपये है. उन्होंने पुलिस से बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है.
