हरियाणा की झांकी व 71 सदस्यों की डंका टीम होगा आकर्षण
साकची झंडा चौक में मनेगा श्री बाल मंदिर अखाड़ा का रामनवमी महोत्सव, रघुवर करेंगे उद्घाटन
जमशेदपुर : शहर में रामनवमी को लेकर भव्य तैयारियां चल रही है. साकची के श्री श्री बाल मंदिर अखाड़ा में इस वर्ष 51वां रामनवमी महोत्सव आयोजित होगा, ज 23 मार्च से शुरू होकर 28 मार्च तक चलेगा. साकची झंडा चौक में भव्य राम दरबार एवं काल्पनिक रूप में मंदिर बनाया जा रहा है. राम लला की प्रतिमा का भी दर्शन शहरवासी कर सकेंगे. उक्त जानकारी आज साकची दादी मंदिर में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में समिति के मुख्य संरक्षक सह लाइसेंसी सुमन अग्रवाल ने दी.
उन्होंने बताया कि 23 मार्च को संगीतमय सुंदरकांड पाठ से महोत्सव की शुरुआत होगी, जबकि 24 मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास आयोजन का उद्घाटन करेंगे. इस मौके पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा. 25 मार्च को दीप उत्सव और प्रभु श्रीराम की महाआरती वाराणसी की तर्ज पर होगी. 26 मार्च को बाल हनुमान सजाओ प्रतियोगिता और आकर्षक झांकियों का आयोजन होगा. 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हरियाणा की रुद्राक्ष डिवोशनल आर्ट टीम की झांकी, राम दरबार, 71 सदस्यों की डंका टीम, खेल प्रदर्शन और विद्युत सज्जा आकर्षण का केंद्र होगा. 28 मार्च को विसर्जन दशमी जुलूस के साथ महोत्सव का समापन होगा. आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र को भगवा पताका व चंदननगर के कारीगरों द्वारा विद्युत सज्जा की गई है. पत्रकार सम्मेलन में निर्मल जालुका, ओमप्रकाश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अंकित मोदी, सन्नी संघी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.
