शिक्षा का स्तर ऐसा हो कि अन्य राज्यों से भी झारखंड आएं छात्र
आरवीएस कॉलेज में दो दिवसीय आई ट्रिपल-ई अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन शुरु, राज्यपाल ने किया उद्घाटन
जमशेदपुर : आर वी एस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में दो दिवसीय आई ट्रिपल ई अंर्तराष्ट्रीय कांफ्रेंस शुरू हुआ, जिसका विषय ‘रिसेंट ट्रेन्डस इन कंप्यूटर साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी’ है. कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार थे. अन्य अतिथियों में पोखरा विश्वविद्यालय नेपाल के कुलपति डा. वेद राज के सी एवं एमआईटीएडीटी विश्वविद्यालय, पुणे के डीन डा. गणेश आर पाठक उपस्थित थे. अतिथियों के साथ मंच पर आरवीएस एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष बिन्दा सिंह, सचिव भरत सिंह, कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह, शक्ति सिंह, प्राचार्य प्रो. डॉ. राजेश कुमार तिवारी शामिल थे. प्राचार्य डा. तिवारी ने कांफ्रेंस के विषय पर प्रकाश डाला.
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड का समुचित विकास नहीं हो पाया है. अभी भी दूसरे प्रदेशों से अध्ययन के लिए गिने-चुने छात्र ही आते हैं और यह संतोषप्रद नहीं है. वहां मौजूद सभी शिक्षकों को सलाह दी कि क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाय, इसका इमानदारी से प्रयास करें. कहा कि पीएम मोदी के प्रयास से पूरे देश में शिक्षा में नवाचार एवं कौशल विकास पर व्यापक जोर दिया जा रहा है और इसका प्रतिफल सामने भी आ रहा है. सचिव भरत सिंह ने संस्थान के एल्यूमिनाई देश के कई उच्च पदों पर अपनी सेवा दे रहे हैं. पोखरा विश्वविद्यालय नेपाल के कुलपति डा. वेदराज के सी ने विषय पर चर्चा करते हुए भारत और नेपाल के सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंध की चर्चा की. मंच संचालन डॉ सुधीर झा ने किया.
