इंडिकेटर की प्रस्तुतियों को सुना व योजनाओं के क्रियान्वयन को दिये दिशा निर्देश
आकांक्षी जिला के केन्द्रीय प्रभारी तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे शहर, की समीक्षा
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में आकांक्षी जिला के केंद्रीय प्रभारी सह केन्द्र सरकार के संयुक्त सचिव महावीर प्रसाद ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम के प्रमुख सूचकांकों (इंडिकेटर्स) की समीक्षा की. तीन दिवसीय दौरे के प्रथम दिन आयोजित इस समीक्षात्मक बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास एवं बुनियादी ढांचा से जुड़े महत्वपूर्ण इंडिकेटर्स में जिला के प्रदर्शन का आकलन किया गया. संयुक्त सचिव ने विभागवार इंडिकेटर की प्रस्तुतियों को सुना एवं प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन स्तर को समझते हुए आवश्यक निर्देश दिए. बैठक में जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे कई नवोन्मेषी एवं जन-केंद्रित पहलों से संयुक्त सचिव को अवगत कराया गया, जिनमें प्रमुख सबर समुदाय का ग्राउंड सर्वेक्षण जिसमें जिले में निवासरत सबर समुदाय के सामाजिक-आर्थिक स्थिति, सरकारी योजनाओं के आच्छादन तथा उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए किए गए सर्वेक्षण की जानकारी साझा की गई.
जिला प्रशासन की ओर से प्रस्तुत पहलों एवं जमीनी तौर पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए संयुक्त सचिव श्री प्रसाद ने कहा कि जिले में जिस प्रकार योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है और प्रशासनिक नवाचार सामने आ रहे हैं, उससे उम्मीद है कि जल्द ही यह जिला आकांक्षी जिलों की श्रेणी से बाहर आने की दिशा में बड़ी प्रगति करेगा. उन्होंने पदाधिकारियों से आग्रह किया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी लाभुकों तक पूरी आत्मीयता और जिम्मेदारी के साथ पहुंचाएं. पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोडऩे के लिए पहल करें. जमीनी स्तर पर कार्य होंगे तो आंकड़े भी बेहतर होते जाएंगे. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त भागीरथ प्रसाद, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, एसओआर राहुल आनंद, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

