Jamshedpur Bachchon Ka Heart Operation : जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 5 बच्चों को मिला नया जीवन
जिला प्रशासन की सार्थक पहल
जमशेदपुर : जिले में जिला प्रशासन की सराहनीय पहल से जन्मजात हृदय रोग (कंजेनाइटल हार्ट डिजीज) से जूझ रहे पांच बच्चों का सफल इलाज कराया गया. ऑपरेशन के बाद सभी बच्चे स्वस्थ होकर अपने घर लौट आए हैं, जिससे उनके परिवारों में खुशी का माहौल है. इलाज के बाद लौटे बच्चों—ओमश्री (धालभूमगढ़), लतिका (पोटका), महेश्वर बास्के (धालभूमगढ़), संतोषी मुर्मू (बोड़ाम) और प्रेमवती सरदार (पोटका) का सिविल सर्जन कार्यालय में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्होंने बच्चों के स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इन बच्चों को उपचार के लिए श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर के खारघर (नवी मुंबई) और कोंडापाका (हैदराबाद) स्थित केंद्रों में भेजा गया था, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उनका नि:शुल्क ऑपरेशन और उपचार किया. बच्चों की पहचान और प्रारंभिक जांच राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने की थी. इसके बाद सदर अस्पताल स्थित डीईआईसी की टीम ने समन्वय कर उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए रेफर किया. सिविल सर्जन के मार्गदर्शन में एक बच्चे को खारघर (मुंबई) और चार बच्चों को कोंडापाका (हैदराबाद) भेजा गया, जहां सभी का सफल ऑपरेशन किया गया.
डॉ. साहिर पाल ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चयनित संस्थानों-खारघर (मुंबई), हैदराबाद और रायपुर में बच्चों के लिए नि:शुल्क जांच, ऑपरेशन और आवागमन की सुविधा उपलब्ध है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि बच्चों में हृदय रोग के लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय पर इलाज सुनिश्चित हो सके.
बच्चों के अभिभावकों ने उपायुक्त, सिविल सर्जन और पूरी स्वास्थ्य टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताया. इस अवसर पर उपाधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राज नारायण तिवारी, डॉ. राजीव लोचन महतो, डॉ. प्रीति राय, डॉ. किरण कुमारी, डॉ. शशांक चटर्जी, डॉ. मनीमाला सेन, डॉ. सौमेन दत्ता, डीईआईसी की सोशल वर्कर नमृता ठाकुर, कमलजीत कौर तथा आरबीएसके की एएनएम बेबी कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.

