Jamshedpur Banna Ramnavami Julus : डंका की धुन पर बन्ना गुप्ता ने भांजी लाठियां
विसर्जन शोभायात्रा में पत्नी संग हुए शामिल, कदमा में ग्रहण किया प्रसाद
जमशेदपुर : रामनवमी विसर्जन जुलूस के अवसर पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और मानगो की मेयर सुधा गुप्ता विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा निकाले गए जुलूस में शामिल हुए. इस दौरान समिति के सदस्यों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर तथा तलवार भेंट कर सम्मानित किया. अखाड़े में बज रहे डंका की धुन पर पूर्व मंत्री खुद को रोक नहीं पाए और उत्साहपूर्वक डंका बजाया तथा लाठी भांजते हुए पारंपरिक अखाड़ा प्रदर्शन का आनंद लिया. इस अवसर पर बन्ना ने झारखंडवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम हमारे मन में हैं. श्रीराम और बजरंग बली सभी भक्तों के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य प्रदान करें.
इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न अखाड़ों, श्री श्री महावीर अखाड़ा समिति (नीलकंठ महादेव मंदिर रोड नंबर 4, जवाहर नगर, मानगो), श्रमिक अखाड़ा पारडीह, त्रिवेदी अखाड़ा, रोड नंबर 4 अखाड़ा तथा दाइगुटू अखाड़ा—में भी वे शामिल हुए. कदमा स्थित रंकणी मंदिर के सामने बन्ना गुप्ता फैन्स क्लब द्वारा लगाए गए सहायता शिविर में पहुंचकर पूर्व मंत्री ने रामभक्तों की सेवा की और उनके साथ प्रसाद ग्रहण किया. इस दौरान आयोजन समिति के सदस्यों ने सुधा गुप्ता को भी पगड़ी, तलवार एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला.
मानगो चौक पर कई संगठनों ने लगाया सेवा शिविर
विसर्जन के दिन रामभक्तों की सेवा के लिए मानगो चौक पर कई संगठनों द्वारा सेवा शिविर लगाए गए, जिनमें मानगो कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर सिंह का शिविर, बाबा बर्फानी सेवा समिति, गोस्वामी समाज कल्याण समिति, जमशेदपुर टेलर्स ट्रक ओनर्स एसोसिएशन, विश्वकर्मा कल्याण समिति, कुशवाहा संघ मानगो, रौनियार वैश्य समाज (युवा विंग), तैलिक एकता मंच, सामथ्र्य सेवा संस्थान तथा कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग (शहरी) के जिला अध्यक्ष सोहेल खान के कार्यालय में लगाए गए शिविर प्रमुख रहे.

