April 2, 2026

Jamshedpur Bokaro Athletics: बोकारो के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय मंच पर जलवा

IMG-20260402-WA0003

दो स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास

बोकारो : छत्तीसगढ़ में आयोजित नेशनल ट्राइबल एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में झारखंड के बोकारो जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए. इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है. सेंटर ऑफ एक्सेलेंस, चंदनकियारी की प्रतिभाशाली एथलीट नेहा खालको ने महिला 10 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. वह इस प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल करनेवाली झारखंड की पहली महिला खिलाड़ी बन गई है.
वहीं, उभरते धावक शिव कुमार सोरेन ने 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता. उनके इस शानदार प्रदर्शन के बाद अब उनका लक्ष्य एशियाई स्तर पर देश के लिए पदक जीतना है. इन खिलाड़ियों की सफलता के पीछे कोच अंशु भाटिया की सात वर्षों की मेहनत और समर्पण का अहम योगदान रहा है. साथ ही जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन के मार्गदर्शन ने खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
इस उपलब्धि पर बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन ही उनकी सफलता की असली कुंजी है, जो अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी. उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें. उन्होंने झारखंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रयासों की सराहना की.

hemkund-public-school

You may have missed