पार्टी या प्रत्याशी रखें ध्यान : पर्व-त्यौहारों में आचार संहिता का न हो उल्लंघन
दीपावली, कालीपूजा व छठ पूजा में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर उपायुक्त ने की बैठक
जमशेदपुर : दीपावली, काली पूजा व छठ पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण को लेकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की. आगामी सभी त्योहारों में राजनीतिक दलों या प्रत्याशियों द्वारा चुनावी प्रचार-प्रसार के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न हो इसे सुनिश्चित करने हेतु पदाधिकारियों को निर्देश दिया. उडऩदस्ता दल को सक्रिय रहने और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी को बड़े पटाखा बाजार यथा आमबगान, जुगसलाई, मानगो में अग्निशमन वाहनों की तैनाती एवं दीपावली के दिन पूरी तरह से अलर्ट रहने का निर्देश दिया.
घनी आबादीवाले क्षेत्र में पटाखों का संग्रहण नहीं करने, साथ ही हाई डेसिबल और अत्याधिक ध्वनि प्रदूषण फैलानेवाले पटाखों का उपयोग नहीं करने की अपील की गई. उपायुक्त ने कालीपूजा को लेकर निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन में विशेष सावधानी बरती जाए. सभी संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में मूर्ति विसर्जन जुलूस में डीजे के प्रयोग का मॉनिटरिंग करें, अश्लील एवं सामाजिक साहौर्द्र को बिगाडऩेवाले संगीत नहीं बजे, शरारती तत्वों पर निगरानी रखें. बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग, पुलिस अधीक्षक (सिटी) कुमार शिवाशीष, एडीएम भगीरथ प्रसाद, सिविल सर्जन डा. साहिर पाल, उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्ण कुमार, डीटीओ धनंजय, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर भोला प्रसाद समेत अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
भीड़भाड़वाले स्थानों पर लगेंगे ड्रॉप गेट
छठ घाटों की ससमय साफ-सफाई, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, छठ घाट में डेंजर जोन मार्किंग, छठ घाटों से नाविक और गोताखोर को टैग करने का निर्देश दिया गया. सभी नगर निकाय व जुस्को प्रतिनिधि को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि साफ-सफाई ससमय करा लें. भीड़भाड़वाले स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाने, छठ घाटों की ओर जानेवाले सभी पहुंच पथ को मोटरेबल बनाने, माइकिंग व्यवस्था दुरुस्त रखने, विद्युत पोल व रोशनी की व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा सुगम यातायात व्यवस्था बनाये रखने को लेकर भी दिशा-निर्देश गया. सिविल सर्जन को एंबुलेंस की उपलब्धता तथा अस्पतालों को आकस्मिक स्थिति के लिए अलर्ट रखने को कहा गया.
विसर्जन रुट का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि त्योहार को देखते हुए सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों के साथ साथ पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. वाहनों की सघन जांच करने तथा ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया. काली पूजा को लेकर विसर्जन रूट का भौतिक सत्यापन करने, थानावार छठ घाटों का अविलंब भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया.
