Jamshedpur Easter Church Me Prarthna : ईस्टर के मौके पर विशेष सभाएं, समाज में भाईचारे का संदेश
अपने प्रियजनों की कब्रों पर जाकर उन्हें किया याद, जलाई मोमबत्तियां
जमशेदपुर : ईस्टर के अवसर पर झारखंड के औद्योगिक शहर जमशेदपुर में भी रविवार को श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला. शहर के विभिन्न चर्चों में सुबह से ही विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए. सोनारी, साकची, बिष्टुपुर, बिरसानगर, बारीडीह और टेल्को क्षेत्र के चर्चों में लोगों ने प्रभु यीशु के पुनरुत्थान की खुशी में प्रार्थनाएं कीं. पादरियों ने अपने संदेश में प्रेम, शांति और भाईचारे का महत्व बताया और समाज में एकता बनाए रखने की अपील की.
रविवार को सुबह से ही शहर के चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग एकत्रित हुए और प्रभु यीशु के पुनरुत्थान का संदेश सुना. गोलमुरी स्थित संत जोसेफ चर्च समेत कई गिरजाघरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. लोगों ने सामूहिक प्रार्थना में हिस्सा लिया और ‘मिस्सा बलिदान’ के दौरान शांति, प्रेम और मानवता के संदेश को आत्मसात किया.
इस अवसर पर लोगों ने अपने प्रियजनों की कब्रों पर जाकर उन्हें याद किया, मोमबत्तियां जलाईं और फूल अर्पित किए. इस दौरान भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जहां परिवारों ने एक-दूसरे के साथ समय बिताया और स्मृतियों को साझा किया. प्रार्थना के बाद लोगों ने अपने घरों में पारंपरिक व्यंजन बनाए, बच्चों को ईस्टर एग्स दिए और रिश्तेदारों व मित्रों के साथ मिलकर खुशियां मनाईं. शहर के विभिन्न इलाकों में च्च्हैप्पी ईस्टर’ की गूंज सुनाई दी और आपसी भाईचारे की झलक देखने को मिली. शहर में हर वर्ग के लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर सामाजिक सौहार्द को मजबूत किया.
इस मौके पर चर्चों को रंग-बिरंगे फूलों और रोशनी से सजाया गया. बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जिन्होंने मिठाइयों के साथ इस पर्व को मनाया. कई परिवारों ने घरों में विशेष भोज का आयोजन भी किया. शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी जरूरतमंदों के बीच खाद्य सामग्री और कपड़े वितरित कर ईस्टर की खुशी साझा की. कुल मिलाकर, जमशेदपुर में ईस्टर का पर्व शांति, प्रेम और सामुदायिक सौहार्द के संदेश के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया.

