लोयोला स्कूल टेल्को का 11वीं के विद्यार्थियों के लिये आयोजन, अभिभावक भी रहे मौजूद
जमशेदपुर : लोयोला स्कूल, टेल्को ने अपने शैक्षणिक इतिहास में एक नई उपलब्धि दर्ज करते हुए पहली बार कक्षा 11 के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया. यह कार्यक्रम विद्यालय में उच्च माध्यमिक शिक्षा की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक बना और छात्रों के लिए एक नई दिशा निर्धारित करनेवाला साबित हुआ. कार्यक्रम में कक्षा 11 को विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी चरण बताया गया. इस दौरान जिम्मेदारी, एकाग्रता और सही निर्णय लेने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया. कार्यक्रम की शुरुआत फादर ऑस्कर होरो द्वारा प्रार्थना से हुई. इसके बाद विद्यालय की प्रबंधन टीम और कक्षा 11 के शिक्षकों का परिचय कराया गया. विद्यालय की प्राचार्या चरणजीत ओहसन ने शैक्षणिक दिशा-निर्देश, नियम एवं विनियम, विषय चयन और अंक वितरण प्रणाली पर जानकारी दी. उन्होंने अभिभावकों की जिज्ञासाओं का भी समाधान किया. विद्यालय की उप-प्राचार्या रेशमा रोड्रिग्स ने शैक्षणिक ढांचे और विद्यालय की अपेक्षाओं को स्पष्ट करते हुए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का मार्गदर्शन किया. फादर ऑस्कर होरो ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया. इस दौरान विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत सहयोग को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया गया.