April 10, 2026

Jamshedpur Excise Constable Competitive Examination : उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 12 को, तीन पालियों में होगी परीक्षा

IMG-20260410-WA0001

जिले में बनाये गये हैं 77 परीक्षा केन्द्र : दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों की हुई ब्रीफिंग

जमशेदपुर : झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन आगामी 12 अप्रैल (रविवार) को जिले के 77 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में किया जाएगा. परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु सिदगोड़ा टाउन हॉल में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों की ब्रीफिंग की गई. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने ब्रीफिंग में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. वहीं एडीएम राहुल जी आनंद जी एवं धालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा ने परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु व्यापक प्रशासनिक, सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला. बताया गया कि परीक्षार्थियों की रिपोर्टिंग समय प्रात: 7 बजे है. प्रथम पाली पूर्वाह्न 8.30 से 10.30 बजे तक, द्वितीय पाली पूर्वाह्न 11.30 से अपराह्न 1.30 बजे तक तथा तृतीय पाली अपराह्न 3.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित होगी.
उपायुक्त ने जानकारी दी कि परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी के साथ-साथ पेट्रोलिंग दंडाधिकारी, उडऩदस्ता दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी. परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण यथा- मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर, पेजर, गेजेट्स तथा लॉग बुक, पुस्तक, नोट बुक, बैग इत्यादि अपने साथ परीक्षा हॉल में रखना वर्जित है. आयोग द्वारा सभी परीक्षार्थियों का परीक्षा देने की अवधि में बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था की गयी है. परीक्षा केन्द्रों में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी को निर्देश दिया कि बायोमेट्रिक डेटा संग्रहण का गहन रूप से पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण करेंगे, जिससे कोई परीक्षार्थी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने से वंचित न हो.
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थी बिना तलाशी के परीक्षा केन्द्र में प्रवेश न करें, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल यह सुनिश्चित करेंगे. महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला पुलिस पदाधिकारी/महिला पुलिस बल से करायेंगे. उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहेंगे.

hemkund-public-school

You may have missed