Jamshedpur Grahak Panchayat General Meeting : ‘ग्राहक दृष्टि’ स्मारिका में शामिल है झारखंड की लेख व रचना
हरिद्वार में संपन्न हुआ ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय साधारण सभा, तीन प्रस्ताव पारित
जमशेदपुर : अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की दो दिवसीय राष्ट्रीय साधारण सभा गत 4-5 अप्रैल को गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार में संपन्न हुई. बैठक में संगठन के कार्यों, नीतियों एवं भावी दिशा पर मंथन किया गया. बैठक के दौरान कुल नौ सत्र आयोजित किए गए, जिनमें उपभोक्ता अधिकारों, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण से जुड़े विविध विषयों पर विचार-विमर्श हुआ. राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण भाई शाह ने ग्राहक और व्यवसायी के मध्य संतुलित समन्वय स्थापित करने पर बल देते हुए जागरूक एवं दक्ष उपभोक्ता निर्माण को समय की आवश्यकता बताया. इस अवसर पर ‘ग्राहक दृष्टि’ नामक राष्ट्रीय स्मारिका का विमोचन किया गया, जिसमें झारखंड सहित विभिन्न प्रांतों के कार्यकर्ताओं के लेख एवं रचनाएं प्रकाशित की गई हैं.
बैठक में सर्वसम्मति से तीन प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें शिक्षा के व्यवसायीकरण पर रोक लगाने, 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए कुछ सोशल नेटवर्क पर नियंत्रण/प्रतिबंध लगाने तथा देश को ऊर्जा संकट से सुरक्षित रखने के प्रयासों के लिए केंद्र सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करने का निर्णय लिया गया. इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों में सचिव जयंत कथीरिया, संगठन मंत्री दिनकर सबनीस सहित आशा सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे. झारखंड प्रांत से क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति, अध्यक्ष डॉ. कल्याणी कबीर, ऐंजिल उपाध्याय, वी. प्रभु, डॉ. अमूल्य पॉल आदि मौजूद थे.

