Jamshedpur JDU Delegate Meet To SSP : युवती पर चाय फेंकने की घटना गंभीर, दोषियों की जल्द हो गिरफ्तारी
जदयू का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिला, घायल युवती से टीएमएच में मुलाकात
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर जनता दल (यूनाइटेड) का प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिला और टाटा फुटबॉल अकादमी के समीप एक महिला पर असामाजिक तत्वों द्वारा चाय फेंकने की घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी एवं कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं, बल्कि आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करती है. प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि विधायक सरयू राय वर्तमान में शहर में उपस्थित नहीं हैं, किंतु उनके लौटते ही वे पीड़ित परिवार से भेंट करेंगे. प्रतिनिधिमंडल में सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, नीरज सिंह, दिनेश सिंह, विनोद सिंह, सूरज यादव, चुन्नू भूमिज एवं अतुल सिंह शामिल थे.

