Jamshedpur fear after love marriage : जुगसलाई से लापता जाहिद व निसहत ने की शादी, कहा- अब जान का खतरा
Jamshedpur Jugsalai Missing Couple Wedding
Jamshedpur/Jharkhand : लौहनगरी के जुगसलाई थाना क्षेत्र से पिछले कई दिनों से लापता चल रहे एक युवक-युवती के मामले ने अब फिल्मी मोड़ ले लिया है। जिसे परिजन ‘लापता’ समझकर पुलिस की खाक छान रहे थे, उस जोड़े ने अचानक सोशल मीडिया पर प्रगट होकर अपनी शादी का वीडियो जारी कर दिया है। जाहिद हुसैन उर्फ विक्की और निसहत गुल ने इस वीडियो के जरिए न केवल अपने निकाह की पुष्टि की है, बल्कि सुरक्षा की गुहार लगाते हुए अपनी जान का खतरा भी बताया है।
24 फरवरी से थे लापता, अब सामने आई हकीकत
जानकारी के अनुसार, जाहिद और निसहत बीते 24 फरवरी की रात से ही अपने घरों से रहस्यमयी ढंग से गायब थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस प्रशासन को लिखित आवेदन देकर उनकी बरामदगी की गुहार लगाई थी। जुगसलाई पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी ही थी कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने हड़कंप मचा दिया।
“मर्जी से की शादी, लंबे समय से था प्रेम प्रसंग”
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में प्रेमी जोड़ा एक-दूसरे के साथ नजर आ रहा है। वीडियो संदेश में उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्होंने किसी के दबाव या डराने-धमकाने में आकर यह कदम नहीं उठाया है। दोनों ने बताया कि उनके बीच काफी समय से गहरा प्रेम संबंध था और अब उन्होंने अपने-अपने धर्म के रीति-रिवाजों का पालन करते हुए विवाह कर लिया है। वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और एक-दूसरे के साथ खुश हैं।
घर लौटने से किया इनकार, सुरक्षा की चिंता
वीडियो में एक तरफ जहाँ शादी की खुशी दिखी, वहीं दूसरी ओर घर लौटने को लेकर उनके मन में गहरा खौफ भी नजर आया। जोड़े ने भावुक अपील करते हुए कहा कि उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है, जिसके कारण वे फिलहाल घर नहीं लौट सकते। उन्होंने प्रशासन से उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की उम्मीद जताई है।
क्षेत्र में चर्चा का बाजार गर्म, पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर
वीडियो सामने आने के बाद जुगसलाई के गली-मोहल्लों में यह मामला चर्चा का केंद्र बन गया है। जहां कुछ लोग इसे प्रेम की जीत बता रहे हैं, वहीं कुछ इसे सामाजिक और कानूनी नजरिए से देख रहे हैं। अब स्थानीय लोगों और परिजनों की निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या इस वीडियो के आधार पर पुलिस लापता होने की फाइल बंद करेगी या उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई नया कदम उठाएगी।
