Jamshedpur Mayor Ka Mango Nagar Nigam Nirikshan : मानगो बाजार में नाली जाम व सफाई की समस्या जस की तस
मेयर सुधा गुप्ता ने किया निरीक्षण, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने लोगों से लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर आज मानगो बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न बुनियादी समस्याओं को समझा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने नाली जाम की समस्या से हो रही परेशानी को प्रमुखता से उठाया. कई स्थानों पर नालियां पूरी तरह अवरुद्ध पाई गईं, जिससे जल जमाव और गंदगी की स्थिति बनी हुई है.
इस पर मेयर ने नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. इसके अलावा बाजार क्षेत्र में जगह-जगह जर्जर एवं लटकते हुए बिजली के तार भी पाए गए, जो कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। मेयर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल इन तारों को ठीक कराने एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया.
मानगो बाजार को जोड़नेवाली मुख्य सड़कों की स्थिति भी खराब पाई गई. मेयर ने संबंधित विभाग को जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करने और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही, मुख्य मार्ग की नालियों के निर्माण की आवश्यकता को भी चिन्हित किया गया. मेयर ने कहा कि मेन रोड की नालियों का समुचित निर्माण होने से जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा, उन्होंने नगर निगम के अधिकारीयों को जुस्को एवं बाजार समिति से समन्वय स्थापित कर जल्द इस समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे.

