May 24, 2026

Saranda Cobra Jawan Death : सारंडा जंगल में प्रकृति का कहर, पेड़ की चपेट में आकर कोबरा जवान शहीद

Chaibasa Saranda Forest Accident Cobra Jawan Deathme

सारंडा जंगल में मृत जवान (फाइल फोटो).

Chaibasa : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के अभेद्य माने जाने वाले सारंडा जंगल में मंगलवार की रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया। भाकपा माओवादी नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन तलाशी अभियान (सर्च ऑपरेशन) के दौरान अचानक आए भीषण आंधी-तूफान ने एक जांबाज जवान की जान ले ली। तेज हवाओं के कारण एक विशालकाय पेड़ की चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार शहीद हो गए।

बाबू डेरा कैंप के पास आंधी ने मचाई तबाही

मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल के जवान सारंडा के दुर्गम इलाकों में नक्सलियों की सुरागकशी में जुटे थे। मंगलवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और पूरे जंगल में तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान बाबू डेरा कैंप के समीप एक भारी-भरकम पेड़ अचानक उखड़कर गिर पड़ा। दुर्भाग्यवश, जवान राकेश कुमार इसकी सीधी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से चोटिल हो गए।

एयरलिफ्ट कर भेजा गया रांची, नहीं बच सकी जान

हादसे के तुरंत बाद साथी जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए राकेश कुमार को मलबे से निकाला और प्राथमिक उपचार प्रदान किया। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेजने का निर्णय लिया। बुधवार तड़के उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए रांची एयरलिफ्ट किया गया। हालांकि, रांची के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, चोटें इतनी गंभीर थीं कि तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

राजकीय सम्मान के साथ औरंगाबाद भेजा जाएगा पार्थिव शरीर

शहीद जवान राकेश कुमार मूल रूप से पड़ोसी राज्य बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले थे। सीआरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेजने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सीआरपीएफ के वरीय अधिकारियों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि खराब मौसम और भौगोलिक परिस्थितियां अभियान में बड़ी चुनौती पेश कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा बलों का हौसला कम नहीं हुआ है। शहीद जवान के बलिदान को नमन करते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में माओवादियों के विरुद्ध अभियान पूरी शक्ति के साथ जारी रहेगा। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों के कैंपों में शोक की लहर व्याप्त है।

Also Read : Chaibasa Hit and Run : चाईबासा में बाइक की टक्कर से किसान की मौत