March 27, 2026

Jamshedpur MLA Saryu Roy Bhumipujan : श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में गोसेवा केंद्र व सनातन सदन का भूमिपूजन

IMG-20260327-WA0005

तीन तलों का होगा सनातन सदन, गोसेवा केंद्र में रखी जायेगी एक जोड़ी मिनिएचर गाय

पंच पल्लव भी लगाये जाएंगे मंदिर परिसर में

जमशेदपुर : श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर के कोने में शीघ्र ही गोसेवा केंद्र की स्थापना होगी. परिसर में सनातन सदन भी बनेगा श्रीरामनवमी के शुभ दिन गोसेवा केंद्र और सनातन सदन का भूमिपूजन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक और श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति के संयोजक सरयू राय ने किया. सरयू ने बताया कि सनातन सदन में सनातन संस्कृति के साहित्य, ग्रंथ, वेद-पाठ, कर्मकांड, पूजा पद्धतियों के बारे में विस्तृत जानकारी देनेवाली पुस्तकें और साहित्य का संचयन रहेगा. उसका उपयोग सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यों के लिए किया जाएगा. पूजा करानेवाले पंडितों को किताबों, साहित्य के माध्यम से बताया जाएगा कि किस पूजा में किस विधि से पूजन कराई जाए और उसके लिए कौन सा मंत्र उपयुक्त है. कर्मकांडी पंडित मंत्रों का शुद्ध उच्चारण करें, इसके लिए उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा. श्री राय ने बताया कि सनातन सदन में सास्कृतिक और मांगलिक कार्य भी होंगे. आज इसके एक तल का भूमिपूजन हुआ है. सनातन सदन में तीन तल होंगे. ऊपर के दो तलों को पूरी तरह से सांस्कृतिक-आध्यात्मिक पुस्तकालय, वाचनालय के रुप में उपयोग किया जाएगा.
श्री राय ने बताया कि मंदिर परिसर के दक्षिण-पश्चिम कोने में एक स्थान को गोसेवा केंद्र में रुप में विकसित किया जाएगा, उसका भी आज भूमिपूजन हो गया. आज कुंगनूर नस्ल की दो छोटी गायें लाई गई थीं मंदिर प्रबंधन द्वारा भी गोसेवा केंद्र के लिए एक जोड़ी गाय मंगाई जाएंगी. मंदिर परिसर में जो मंदिरनुमा स्थान है, वहां गोमाता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी. गोमाता के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की भी प्रतिमा स्थापित होगी. यहां पंच पल्लव के पौधे भी लगाए जाएंगे, जिनकी हर पूजा में जरूरत होती है. पंच पल्लव में आम, पीपल, पाकर, बरगद और गूलर आते हैं. गोसेवा केंद्र के माध्यम से स्वदेशी के साथ-साथ भारतीय भोजन और स्वास्थ्य परंपराओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा.

hemkund-public-school

डेढ़ दर्जन कुंवारी कन्याओं की पूजा

श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में सरयू राय ने डेढ़ दर्जन कुंवारी कन्याओं की पूजा की, उन्हें प्रसाद ग्रहण कराया और चुनरी के साथ-साथ उपहार भी भेंट की. प्रसाद के तौर पर चने की सब्जी, हलवा, पूड़ी और खीर परोसा गया. कन्या पूजन में श्री राय के साथ शिवशंकर सिंह, आशुतोष राय, साकेत गौतम आदि ने भी भाग लिया. इस मौके पर असीम पाठक, अशोक कुमार, मुकेश कुमार, अभय सिंह आदि मौजूद रहे. पूजन कार्य में विनोद पांडेय, राकेश ओझा और अजय तिवारी की महती भूमिका रही.

वैदिक मंत्रों के बीच हुई ध्वज पूजा

मंदिर परिसर में विधायक सरयू राय ने राकेश ओझा और अजय तिवारी के वैदिक मंत्रों के बीच विधि-विधान से ध्वज पूजा की। पूजित दोनों ध्वज 31-31 फ़ीट के हैं. इन दोनों को गरुड़ स्तंभ के बाएं और दाहिनी तरफ लगाया गया है.