Jamshedpur School Violence News : जमशेदपुर के रामकृष्ण मिशन स्कूल में छात्रों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, चापड़ से हमला
Jamshedpur School Violence News
- सातवीं कक्षा के दो छात्रों के बीच झगड़ा, एक छात्र घायल, पुलिस ने बरामद किया हथियार
Jamshedpur/Jharkhand : शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित रामकृष्ण मिशन स्कूल में मंगलवार को दो छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। सातवीं कक्षा के दो छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने दूसरे पर चापड़ से हमला कर दिया। इस घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं के बीच दहशत का माहौल बन गया। घटना में घायल छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
मोजे में छिपाकर लाया था चापड़
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक छात्र ने अपने मोजे में छिपाकर रखा चापड़ निकालकर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया। हमले की घटना होते ही स्कूल के शिक्षक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों छात्रों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस, कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों छात्रों को अपने साथ थाना ले गई। पुलिस ने घटनास्थल से चापड़ बरामद कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई। इलाज के बाद छात्र को वापस स्कूल लाया गया।
अभिभावकों के बीच बातचीत से हुआ समझौता
पुलिस ने दोनों छात्रों के अभिभावकों को थाना बुलाया और पूरे मामले की जानकारी दी। बातचीत के दौरान बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।
हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने इस घटना को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए दोनों छात्रों को नोटिस जारी किया है।
शहर में बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाएं
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्र के पास चापड़ कैसे पहुंचा और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी। बता दें कि हाल के दिनों में शहर में चापड़ से हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले कदमा थाना क्षेत्र और बिष्टुपुर स्थित एक स्कूल में भी छात्रों के बीच विवाद के दौरान ऐसी घटनाएं प्रकाश में आ चुकी हैं। इससे अभिभावकों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
