Jamshedpur RPF Arrest : सीसीटीवी ने खोला मोबाइल चोरी के आरोपी विकास का ‘राज’
आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई : टाटानगर स्टेशन पर दो मोबाइल के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई रविवार को रात को की गई, जिसमें आरोपी के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए. गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास मोदी के रूप में हुई है, जो स्टेशन परिसर का ही रहनेवाला बताया जा रहा है. आरपीएफ के अनुसार, वह लंबे समय से स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल था और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं. मामले का खुलासा तब हुआ जब आरपीएफ टीम ने स्टेशन और ट्रेनों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच में विकास मोदी की पहचान होने के बाद उसे पकडऩे के लिए विशेष अभियान चलाया गया और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
जांच में सामने आया कि आरोपी ने 28 मार्च 2026 को शालीमार-पोरबंदर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12906) के कोच एस-8 से एक यात्री का मोबाइल चोरी किया था. इसके अलावा उसने हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12130) से भी एक अन्य यात्री का मोबाइल चुराया था. दोनों मामलों में यात्रियों ने शिकायत दर्ज कराई थी. आरपीएफ की सतर्कता और तकनीकी निगरानी के कारण आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी. गिरफ्तार करते समय उसके पास से दोनों चोरी किए गए मोबाइल बरामद हुए, जिससे मामलों की पुष्टि हुई. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही इन वारदातों को अंजाम दे रहा था. आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या नजदीकी पुलिस को दें.

