Jamshedpur Sakchi Library Udghatan : परीक्षाओं की तैयारी हुआ आसान, साकची में आधुनिक लाइब्रेरी का शुभारंभ
डीएम लाइब्रेरी का नया स्वरुप : रीडिंग रुम, सभागार, विज्ञान केन्द्र सहित कई सुविधाएं मौजूद
जमशेदपुर : साकची स्ट्रेट माईल रोड स्थित नवनिर्मित जिला स्तरीय पुस्तकालय का शुभारंभ जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विकास आयुक्त अरूण कुमार सिंह तथा उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की उपस्थिति में किया गया. उक्त पुस्तकालय को आधुनिक स्वरूप में आम जनता एवं पुस्तक प्रेमियों हेतु ‘दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी’ (पूर्व नाम डीएम लाइब्रेरी) के रूप में समर्पित किया गया. उक्त पुस्तकालय के प्रथम तल में लाइब्रेरी, रीडिंग रूम, दुकानें, शौचालय, द्वितीय एवं तृतीय तल पर जिला विज्ञान केंद्र सह डिजिटल लाइब्रेरी, रीडिंग रूम व शौचालय, चतुर्थ तल में व्यावसायिक उपयोग के लिए सभागार (कुल एरिया 22,500 वर्गफीट) बना है. भवन में दो लिफ्ट व दो सीढ़ी की सुविधा, पूरे भवन परिसर में अग्निशामक यंत्र की विशेष व्यवस्था की गयी है.
विधायक श्री कालिन्दी ने कहा कि लाईब्रेरी के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के छात्र छात्राओं को परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधा मिलेगी. इसके अलावे साहित्य एवं पुस्तक प्रेमी भी इस सुविधा से लाभान्वित हो सकेंगे. विधायक पूर्णिमा ने कहा कि इससे शहर में अध्ययन के नये केन्द्र के रूप में पहचान मिलेगी. लाइब्रेरी में गरीब एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मुफ्त में स्तरीय पुस्तकें एवं आम पाठकों के लिए एक विश्वस्तरीय अध्ययन सामग्री उपलब्ध रहेगी. समारोह में डीडीसी नागेन्द्र पासवान, डीटीओ धनंजय, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार सहित काफी संख्या में पुस्तक प्रेमी मौजूद थे.
वर्तमान में 8 हजार पुस्तकें, कई सुविधा भी : डीसी
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जानकारी दी कि फिलहाल लाइब्रेरी में 8,000 पुस्तकों की व्यवस्था है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 30,000 तक किया जाएगा. यहां इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, विज्ञान, सामान्य ज्ञान और विभिन्न प्रतिष्ठित लेखकों की किताबें उपलब्ध होंगी. डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा भी दी जाएगी. लाइब्रेरी के बेहतर संचालन हेतु पांच अधिकारियों की टीम बनाई गई है और पाठकों के सुझावों के आधार पर सुविधाओं में लगातार सुधार किया जाएगा.

