Jamshedpur Samuhik Vivah Ring Ceremony : सामूहिक विवाह 25 को, 8 जोड़ों का तिलक व रिंग सेरेमनी
‘तारा’ ट्रस्ट की पहल पर सोनारी श्री भूतनाथ मंदिर परिसर में हुआ आयोजन
जमशेदपुर : ट्रस्ट फॉर अवेयरनेस एंड रिक्रिएशन इन रूरल एरिया (तारा) के तत्वावधान में आयोजित होनेवाले चतुर्थ सामूहिक विवाह अनुष्ठान सोनारी स्थित श्री भूतनाथ मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में 8 वर-वधुओं का तिलक एवं रिंग सेरेमनी (सगाई) हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ. कार्यक्रम में सभी आठ जोड़ों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई और वरमाला डालकर इस मांगलिक रस्म को पूरा किया. संस्था की ओर से सभी वर-वधुओं को तिलक के शगुन स्वरूप कपड़े, जूते, शेरवानी, ट्रॉली बैग, चांदी की अंगूठी और श्रृंगार सामग्री प्रदान की गई.
संस्थापक ट्रस्टी विनोद राणा ने बताया कि आगामी 25 अप्रैल को होनेवाला मुख्य विवाह कार्यक्रम आध्यात्मिक और पारंपरिक रूप से होगा. उक्त अनुष्ठान को शांति निकेतन, अखिल विश्व गायत्री परिवार, हरिद्वार की महिला पुरोहितों द्वारा संपन्न कराया जाएगा. आज के कार्यक्रम में अधिवक्ता रवि ठाकुर, मोनू दूबे, विनोद सिंह, शीतल कुमार, सुजीत वर्मा, ममता साहू सहित वर एवं वधु पक्ष के सौ के करीब लोग उपस्थित थे.
बेटियों को मिलेगा गृहस्थी का पूरा सामान
संस्था ने घोषणा की है कि विवाह के दिन सभी बेटियों को नए जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री शगुन स्वरूप दी जाएगी, जिसमें फर्नीचर, पलंग, गद्दा, तकिया, ड्रेसिंग टेबल और आलमीरा सहित बर्तन सेट एवं गृहस्थी की अन्य आवश्यक वस्तुएं भी शामिल हैं. विवाह कार्यक्रम श्री भूतनाथ मंदिर परिसर, सोनारी में ही पूरे विधि-विधान के साथ आयोजित किया जाएगा.

