Khunti Court Premises Theft : खूंटी में सुरक्षा घेरे को ठेंगा दिखा चोरों ने कचहरी परिसर की तीन दुकानों में बोला धावा, हजारों की नगदी पार
Khunti Court Premises Theft
Khunti : जिला मुख्यालय के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले कचहरी परिसर में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए मंगलवार की रात तीन दुकानों के ताले चटका दिए। चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात जिला जेल के ठीक बगल में हुई, जो पुलिस और प्रशासन की गश्ती पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करती है।
पीड़ितों का दर्द- स्कूल ड्रेस के पैसे भी ले गए चोर
चोरी की इस घटना से छोटे दुकानदार बुरी तरह टूट गए हैं। प्रभावित दुकानदार सुधीर सिंह ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से पाई-पाई जोड़कर लगभग ढाई हजार रुपये जमा किए थे। यह राशि उन्होंने अपने बच्चों के लिए स्कूल ड्रेस खरीदने के लिए रखी थी, जिस पर चोरों ने पानी फेर दिया।
वहीं, दूसरे दुकानदार प्रमोद तोपनो ने बताया कि बुधवार सुबह जब वे अपनी दुकान खोलने पहुँचे, तो नजारा देखकर दंग रह गए। शटर का ताला टूटा हुआ था और कैश काउंटर से करीब साढ़े पांच हजार रुपये गायब थे। गनीमत यह रही कि दुकान में रखा अन्य कीमती सामान सुरक्षित था। इसी प्रकार, कुंडू जेरॉक्स नामक दुकान को भी निशाना बनाया गया, जहाँ से चोरों ने लगभग ढाई हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
जेल गेट से महज कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। अति-संवेदनशील क्षेत्र होने के बावजूद चोरों का बेखौफ होकर तीन-तीन दुकानों के ताले तोड़ना चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना की आधिकारिक सूचना मिलते ही बुधवार को खूंटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुकानदारों के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
