प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली अपने घर की सौगात, बिरसानगर के मोहरदा में 340 परिवारों का गृह प्रवेश
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर : वर्षों से अपने आशियाने का सपना संजोए 340 परिवारों के लिए शनिवार का दिन यादगार बन गया. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बिरसानगर के मोहरदा स्थित बहुमंजिला आवासीय परिसर में आयोजित भव्य गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं. नए घर मिलने की खुशी लाभुकों के चेहरों पर साफ झलक रही थी. कई परिवारों ने इसे जीवन का सबसे बड़ा सपना पूरा होने जैसा बताया. कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदीव्य कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से किया. वहीं मौके पर उपस्थित जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने लाभुक परिवारों के साथ पूजा-अर्चना कर विधिवत गृह प्रवेश कराया. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी मंत्री श्री सोनू के साथ रांची से ऑनलाइन जुड़े. पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा. महिलाओं ने मंगल गीत गाए, बच्चों ने नए घरों में प्रवेश को लेकर उत्साह जताया और परिवारों ने एक-दूसरे को बधाई दी.प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित इस बहुमंजिला आवासीय परिसर में कुल 644 फ्लैट बनाए गए हैं. प्रथम चरण में उन 340 लाभुकों को आवास आवंटित किया गया जिन्होंने निर्धारित बैंक किश्तों का भुगतान पूरा कर लिया है. शेष पात्र लाभुकों को भी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आवास उपलब्ध कराया जाएगा.इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का लक्ष्य हर परिवार को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है. प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है. उन्होंने कहा कि अपना घर होने से परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिलती है तथा बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव मजबूत होती है.विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है. उन्होंने लाभुकों को नए घर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आवास केवल एक भवन नहीं, बल्कि परिवारों के सपनों और आत्मसम्मान का प्रतीक है. कार्यक्रम में मौजूद लाभुकों ने केंद्र सरकार और संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया. कई परिवार ऐसे थे जो वर्षों से किराये के मकानों में रह रहे थे और आर्थिक सीमाओं के कारण अपना घर नहीं बना पा रहे थे. नए फ्लैट की चाबी मिलने के बाद लाभुकों ने कहा कि अब उन्हें किराये की चिंता से मुक्ति मिलेगी और उनके बच्चों को बेहतर वातावरण मिलेगा. गृह प्रवेश कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर विकास विभाग के अधिकारियों, स्थानीय गणमान्य लोगों तथा बड़ी संख्या में लाभुक परिवारों की उपस्थिति रही. रांची से ऑनलाइन जुड़े सरयू, सरकार पर बनाया था दबावजमशेदपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित 340 मकान आज लाभुकों को सौंप दिए गए. उन्हें उनकी चाबी दे दी गई. नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन किया. उनके साथ जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी मौजूद थे. गौरतलब है कि इस परियोजना का शिलान्यास 2018 में हुआ था. इसे 2023 में ही लाभुकों को समर्पित कर देना था लेकिन तीन साल के विलंब के बाद सरयू राय के दबाव बनाने के बाद आज 340 लाभुकों को मकान की चाबी दी गई.
