Jamshedpur Tatanagar Station Arrest : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर 75 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, सभी आरोपी बिहार के बेतिया के रहनेवाले हैं
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है. बुधवार रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान आरपीएफ की टीम ने 75 किलो गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया. यह अब तक स्टेशन पर हुई सबसे बड़ी गांजा बरामदगी मानी जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार, रवि कुमार उर्फ बेंगा, मोहित कुमार सिंह और राजा सोनार उर्फ राज के रूप में हुई है. सभी आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण (बेतिया) के रहनेवाले हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे उड़ीसा के विभिन्न इलाकों से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे और यहां से गोरखपुर तथा बेतिया जाने की तैयारी में थे.
चालाकी से छिपाया गया था गांजा
तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था. वे 50 किलो के प्लास्टिक बोरे के बीच में गांजा रखते थे और उसके चारों तरफ तथा ऊपर-नीचे सोयाबीन बड़ी भर देते थे, ताकि किसी को संदेह न हो. आरपीएफ टीम ने संदेह के आधार पर जांच के दौरान आरोपियों को पकड़ा और तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया. यह कार्रवाई टाटानगर आरपीएफ पोस्ट के कमांडर राकेश मोहन के नेतृत्व में की गई. फिलहाल सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है. मामले की जांच जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

