Jamshedpur Transzender Bill Ka Virodh : ट्रांसजेंडर संशोधन बिल के खिलाफ ‘उत्थान’ की रैली
उपायुक्त के नाम सौंपा ज्ञापन
जमशेदपुर : ट्रांसजेंडर संशोधन बिल 2026 के विरोध में उत्थान संस्था के बैनर तले रैली निकाली गई, जिसका नेतृत्व अमरजीत ने किया. प्रदर्शनकारियों ने साकची गोलचक्कर से रैली की शुरुआत की और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपायुक्त कार्यालय तक मार्च किया. इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ विरोध जताया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में आंदोलन की गूंज सुनाई दी. उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने उक्त बिल के खिलाफ उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि यह बिल समुदाय के अधिकारों के खिलाफ है, इसलिए इसे लागू नहीं किया जाए.
रैली की नेतृत्वकर्ता सह उत्थान की सचिव अमरजीत ने कहा कि प्रस्तावित संशोधन बिल में ट्रांसजेंडर समुदाय के आत्म-पहचान के अधिकार को कमजोर करने, प्रशासनिक हस्तक्षेप बढ़ाने और सामाजिक सुरक्षा के प्रावधानों को सीमित करने की आशंका है. उनका आरोप है कि यह बिल समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने के बजाय और हाशिए पर धकेल सकता है. साथ ही कहा कि यह बिल सीधे-सीधे 2014 के नालसा जजमेंट का खंडन करता है. ऐसा करना ट्रांसजेंडर समुदाय के हित और गरिमा के खिलाफ है. आज की रैली में बेबो, रजिया, करीना, माही समेत बड़ी संख्या में एलजीबीटीक्यूप्लस समुदाय के लोग शामिल हुए. इस दौरान उत्थान सीबीओ के एडवायजरी बोर्ड की सदस्य वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता भी मौजूद थी.

