Jamshedpur VHP Ka Sriramotsav : श्रीराम का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए आदर्श है : चंद्रकांत
तुलसी भवन में विश्व हिन्दू परिषद ने मनाया श्रीरामोत्सव, कार्यकर्ताओं को मिला मार्गदर्शन
जमशेदपुर : बिष्टुपुर तुलसी भवन में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) महानगर इकाई द्वारा भव्य श्रीरामोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विहिप झारखंड प्रांत के अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया. अपने संबोधन में श्री रायपत ने कहा कि श्रीराम का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए आदर्श है और उनके कर्तव्यों का पालन ही उन्हें ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ बनाता है. उन्होंने श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि गुरु विश्वामित्र के साथ वन जाकर असुरों का वध करना, वनवास मिलने पर माता कैकयी के प्रति कोई रोष न रखना, भाई भरत को राज्य सौंपना, केवट, शबरी और वानर सेना से मित्रता निभाना तथा माता सीता को मुक्त कराकर एक आदर्श पति का धर्म निभाना ये सभी उनके जीवन के उच्च आदर्श है.
कार्यक्रम में विहिप विभाग मंत्री अरुण सिंह ने कहा कि श्रीरामोत्सव का उद्देश्य समाज को श्रीराम के आदर्शों से जोडऩा और एक संगठित, समरस समाज का निर्माण करना है. इस अवसर पर विहिप के अरुण सिन्हा, देवेंद्र गुप्ता, अवतार सिंह गांधी, सबिता सिंह, कुंती भारती, अजय गुप्ता, चंद्रिका भगत, उत्तम कुमार, चंदन दास, प्रदीप सिंह और मनीष सिंह शामिल थे. कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और समाज की एकता तथा श्रीराम के आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ.
जुगसलाई प्रखंड अध्यक्ष बने अमित
कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कई नए दायित्व भी सौंपे गए. इसके तहत अमित सारदा को जुगसलाई प्रखंड अध्यक्ष, विनय शर्मा को गौ रक्षा प्रमुख, एम. भवानी को मातृशक्ति प्रमुख (जुगसलाई) बनाया गया. साथ ही सविता ठाकुर, रीना डे, ममता सिंह, बन्दना केसर भारती, नीता राजन, मल्लिका प्रमाणिक, रिंकी सिंह, अर्चना सिंह, सुनीता सिंह, कमला देवी और जया भारती को भी विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारियां दी गईं.

