March 28, 2026

Jamshedpur XLRI RBIC Open : एक्सएलआरआई में नाबार्ड चेयरमैन ने किया आरबीआईसी का शुभारंभ

IMG-20260328-WA0003

शहर में ग्रामीण नवाचार को बढ़ावा देने की पहल

जमशेदपुर : नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (नाबार्ड) के चेयरमैन डॉ. शाजी के. वी. ने शनिवार को एक्सएलआरआई काउंसिल फॉर इनोवेशन टेक्नोलॉजी एंड इंटरप्रेन्योरशिप के तहत एक ग्रामीण व्यवसाय इनक्यूबेशन सेंटर (आरबीआईसी) का उद्घाटन किया. यह केंद्र जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (एक्सएलआरआई) परिसर में स्थापित किया गया है, जिसे नाबार्ड की ग्राम्य विकास योजनाओं के तहत विकसित किया गया है. इस अवसर पर एक्सएलआरआी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन टी. वी. नरेंद्रन, संस्थान के डायरेक्टर फादर सेबेस्टियन जॉर्ज समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.
नव स्थापित यह इनक्यूबेशन सेंटर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के 12 राज्यों बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में कृषि, ग्रामीण नवाचार और सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़े स्टार्टअप्स को बढ़ावा देगा. एक्ससीआईटीई ‘सोशल इंपैक्ट फस्र्ट, प्रॉफिट सेकेंड’ की अवधारणा पर कार्य करेगा, जिसमें विशेष रूप से आदिवासी आजीविका, महिला-नेतृत्व वाले उद्यम और सतत विकास पर फोकस रहेगा. यह केंद्र स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, फंडिंग, ग्रांट्स और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार और कृषि आधारित उद्यमिता को मजबूती मिलेगी.
एक्ससीआईटीई को पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक नोडल केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. इससे न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड को स्टार्टअप हब के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है. उल्लेखनीय है कि 1949 में स्थापित एक्सएलआरआई देश के सबसे पुराने बिजनेस स्कूलों में से एक है. अपने 76 वर्षों के सफर में संस्थान ने उद्यमिता और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. एक्सएलआरआई के पूर्व छात्रों द्वारा अबतक चार यूनिकॉर्न कंपनियों की स्थापना की जा चुकी है. इस पहल से ग्रामीण भारत में सामाजिक प्रभाव और लाभप्रदता के बीच संतुलन बनाते हुए नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.

hemkund-public-school

You may have missed