Jamshedpur Zile Me HPV Vaccine Abhiyan : जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
14 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं को टीका लेने की अपील
जमशेदपुर : सदर अस्पताल परिसर में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने किया. इस अवसर पर उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और 14 वर्ष की आयु से सभी बालिकाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है. यह भारत सरकार द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है. जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने अभिभावकों से अपील की कि वे बिना किसी भय के अपनी बच्चियों का टीकाकरण कराएं. उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित और प्रभावी है. वहीं, डॉ. मिताली घोष ने जानकारी दी कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में सहायक है और समाज के प्रत्येक वर्ग को इसके प्रति जागरूक होना चाहिए.
डॉ. मृत्युंजय धाउड़िआ ने बताया कि एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वाइकल कैंसर की जांच भी की जाती है. उन्होंने सलाह दी कि टीकाकरण के बाद लाभार्थियों को 20-30 मिनट तक विश्राम करना चाहिए, ताकि सिरदर्द, चक्कर या मितली जैसे हल्के दुष्प्रभावों की स्थिति में तुरंत देखभाल की जा सके. साथ ही, टीकाकरण के दिन भारी शारीरिक गतिविधियों से बचने की भी सलाह दी गई. उन्होंने यह भी बताया कि यह वैक्सीन 90 प्रतिशत से अधिक मामलों में सर्वाइकल कैंसर एवं एचपीवी से जुड़े अन्य कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है. कार्यक्रम के दौरान तीन बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाया गया और उन्हें टीकाकरण प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए. इस मौके पर डॉ. राजीव लोचन महतो, हकीम प्रधान सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे.

