जीवन की हर परिस्थिति पर विजय पाने को जीतना होगा अहंकार
सोनारी मेरिन ड्राइव ब्रह्माकुमारीज सेंटर में मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
जमशेदपुर : सोनारी मेरीन ड्राइव स्थित ब्रह्मकुमारीज के यूनिवर्सल पीस पैलेस में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक (आरसीसीएफ) स्मिता पंकज और ब्रह्माकुमारीज की कोल्हान प्रमुख अंजू दीदी मौजूद थीं. इस अवसर पर सभी महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया गया. वक्ताओं ने संदेश दिया कि नारी केवल जीवन देनेवाली शक्ति ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देनेवाली चेतना भी है. जब नारी सशक्त होती है, तब परिवार, समाज और राष्ट्र स्वत: सशक्त हो जाता है.
मुख्य अतिथि स्मिता पंकज ने कहा कि एक महिला के रूप में पुरुषों के बीच कार्य करना कई बार चुनौतीपूर्ण होता है. ऐसे समय में मन को आध्यात्मिक मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है और ब्रह्माकुमारी जैसे आध्यात्मिक संस्थान व्यक्ति को आंतरिक शक्ति और सही दिशा प्रदान करते हैं. कहा कि जब हम अपने अहंकार पर विजय प्राप्त कर लेते हैं, तब हम जीवन की हर परिस्थिति पर आसानी से विजय प्राप्त कर सकते हैं.
अंजू दीदी ने कहा कि आज समाज की सफलता और प्रगति के पीछे महिला का त्याग, धैर्य और समर्पण ही सबसे बड़ी शक्ति है. महिला वास्तव में शक्ति का स्वरूप है. उनके भीतर धैर्य-उत्थान की शक्ति और हर परिस्थिति को समेटकर आगे बढऩे की क्षमता होती है. उन्होंने कहा कि महिला केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति की भी सच्ची संरक्षक होती है.
