जीवन को भविष्य के लिए जागृत करने की आवश्यकता
वेलफेयर मिशन की बिरसानगर में आत्मिक जागृति सभा का दूसरा दिन
जमशेदपुर : वेलफेयर मिशन ऑफ इंडिया के वर्षगांठ पर बिरसानगर गुडिय़ा मैदान में आत्मिक जागृति सभा के दूसरे दिन सुबह मसीही यंग लीडर्स एवं जवानों के लिए विशेष सभा हुई. मंच का संचालन पास्टर जायसीलन ने किया. सर्वप्रथम बराक टीम ने परमेश्वर की स्तुति और आराधना की, जिसकी अगुवाई पास्टर शाऊल एवं भाई समीर ने किया. तत्पश्चात मुंबई से आये पास्टर जोसफ राज आलम ने प्रभु यीशु मसीह के आदर में मसीही गीतों से आराधना की. उन्होंने ‘तेरी स्तुति मैं करू, आराधना करू दिल से दिल से, दीवाना मैं यीशु का आदि गीतों से उपस्थित विश्वासियों का मन मोह लिया. तत्पश्चात पास्टर आलविंन थॉमस ने जवानों के लिए परमेश्वर के जीवित वचन को प्रचारित किया.
उन्होंने कहा कि आज के विकट परिस्थितियों में प्रत्येक जवान भाई एवं बहन को अपने शरीर, अपनी आत्मा एवं अपने जीवन को पवित्रता के साथ बिताना चाहिए. ऐसा पवित्र जीवन सिर्फ और सिर्फ परमेश्वर के पवित्र वचन एवं पवित्र आत्मा के द्वारा ही संभव है. पास्टर केल्वीन ऑस्टिन ने बताया कि आज के जवान कल के भविष्य हैं, इसीलिए सभी जवानों को अपने जीवन को भविष्य के लिए जागृत करने की आवश्यकता है.
धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष अभिषेक दास ने किया. सभा के सफल आयोजन में वेलफेयर मिशन ऑफ इंडिया के साथ साथ क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन एवं बाराक टीम एवं जमशेदपुर पास्टर्स और लीडरस फेलोशिप एक सह आयोजक के रूप में अपना योगदान दे रहा है. सभा में अनुवाद करने के लिए छत्तीसगढ़ से पास्टर विजय दास अपना योगदान दे रहे हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष अभिषेक दास, सचिव रौनक दास सहित सीवायएके संजीव, पास्टर नोएल, पास्टर दीपक, पास्टर मधु, पास्टर जेनिफर, भाई अमित, भाई टिमोथी, पास्टर बीभू, समीर, बीजू, रत्ना दास, मार्गरेट सायरे, तुषार साहू, जॉनसन दास, सुजाना, दिलीत कैस्टलटन, पिंटू और योशिता आदि ने अहम भूमिका निभा रहे हैं.
