March 15, 2026

Jharkhand Newly Promoted IAS Officers Posting : झारखंड के नवप्रोन्नत 15 आईएएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

IMG_20260314_204510
  • राज्य सरकार ने जारी की अधिसूचना, विभिन्न विभागों में की गई तैनाती

Ranchi/Jharkhand : झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में हाल ही में प्रोन्नत 15 अधिकारियों को विभिन्न विभागों में पदस्थापित किया है। इस संबंध में राज्य के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने शुक्रवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी।जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को अगले आदेश तक अलग-अलग विभागों और पदों पर नियुक्त किया गया है, ताकि प्रशासनिक कार्यों का संचालन सुचारू रूप से हो सके।

कई विभागों में संयुक्त सचिव स्तर पर नियुक्तियां

अधिसूचना के अनुसार कई नवप्रोन्नत अधिकारियों को संयुक्त सचिव स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इशतियाक अहमद को कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। विधानन्द शर्मा पंकज को स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। संगीता लाल को परिवहन विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। रोबिन टोप्पो को श्रम विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। अरुण कुमार सिंह को ग्रामीण विकास विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। अनिलसन लकड़ा को योजना एवं विकास विभाग में संयुक्त सचिव पद पर पदस्थापित किया गया है। नीरज कुमार सिंह को उद्योग विभाग का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। जुल्फीकार अली को नगर विकास एवं आवास विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।

जिला और परियोजना स्तर पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

सरकार ने कुछ अधिकारियों को जिला और परियोजना स्तर पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। दिलेश्वर महतो को गुमला का उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। नागेंद्र पासवान को पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद का उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। आलोक शिकारी कच्छप को खूंटी स्थित समेकित जनजाति विकास अभिकरण (ITDA) का परियोजना निदेशक बनाया गया है।

कई विभागों में निदेशक स्तर की भी जिम्मेदारी

कुछ अधिकारियों को विभिन्न विभागों में निदेशक स्तर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। नयन तारा केरकेट्टा को कृषि विभाग का निदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। आसिफ एकराम को पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग का निदेशक बनाया गया है।

इनके अलावा सुबोध कुमार को मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग में संयुक्त सचिव सह संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि अर्चना मेहता को राज्यपाल सचिवालय में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम

मना जा रहा है कि राज्य सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए पदस्थापित अधिकारी अपने-अपने विभागों में नीतियों के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों के संचालन में अहम भूमिका निभाएंगे।

Also Read : विधायक संजीव की पहल पर पोटका की छात्राएं पहुंचीं विधानसभा