February 24, 2026

जिले के 1,35,536 मतदाताओं ने दिया वोट, 53.40 रहा प्रतिशत

IMG-20260223-WA0013

तीनों निकाय में चाकुलिया में सर्वाधिक व मानगो में सबसे कम मतदान प्रतिशत

जमशेदपुर : जिले के तीनों नगर निकाय में चुनाव होने के पश्चात जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय में प्रेस वार्ता कर मतदान की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शाम 5 बजे तक जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद एवं चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस दौरान कुल 70 वार्डों के 249 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराया गया. जिले में कुल 2,53,711 मतदाताओं में से 1,35,536 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 53.40 रहा.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई थीं. सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की नियमित निगरानी में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई. कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई. उन्होंने मतदान में बढ़-चढक़र भाग लेनेवाले मतदाताओं, प्रेक्षकों, चुनाव कार्य में लगे सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों, पुलिस बल तथा प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोगी सभी का आभार व्यक्त किया. उन्होने कहा कि मतगणना निर्धारित तिथि 27 फरवरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई जाएगी. जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि मतदाता पर्ची का वितरण भी लगभग 90 प्रतिशत पूरा कर लिया गया था. कई मतदान केन्द्रों में छोटी-मोटी नोंकझोंक हुई है, लेकिन कहीं भी मतदान प्रभावित नहीं हुई.

निकायवार मतदान प्रतिशत निम्नवत है

मानगो नगर निगम : 50.8 प्रतिशत
जुगसलाई नगर परिषद : 59.6 प्रतिशत
चाकुलिया नगर पंचायत : 72.9 प्रतिशत