June 22, 2026

जुगसलाई : अभिजीत को कांग्रेस ने दिखाया ‘बाहर’ का रास्ता

IMG-20260224-WA0002

आजीवन पार्टी की सदस्यता पर भी लगा प्रतिबंध

जमशेदपुर : कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने पार्टी के कार्यकर्ता सह जुगसलाई प्र्रखंड के पूर्व अध्यक्ष अभिजीत सिंह को संगठन से निलंबित कर दिया है. अभिजीत पर जुगसलाई नगर पंचायत चुनाव में पार्टी को धोखा देने का आरोप लगाया गया है. यही नहीं, जिलाध्यक्ष द्वारा जारी पत्र में आजीवन कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से भी प्रतिबंधित किया गया है.
दरअसल अभिजीत सिंह की माता इंदू देवी जुगसलाई नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी थीं. दूसरी ओर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हिदायतुल्लाह खान अपनी पत्नी नौशीन खान (मेयर प्रत्याशी) के समर्थन में नीलोफर सहित अन्य से गठजोड़ होने की सूचना पर इंदू देवी भी भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में बैठने का ऐलान कर दिया. इससे पार्टी ने नाराजगी जताते हुए उक्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की. इस पूरे प्रकरण में पार्टी ने अभिजीत सिंह की भूमिका को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से संदिग्ध मानते हुए पूर्ण रूप से अनुशासनहीनता एवं घोर अनियमितता माना है. घटनाक्रम का विस्तृत डोजियर जिला पर्यवेक्षक के माध्यम से प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा जाएगा.

क्या विरोध में कार्य करनेवालों पर भी होगी कार्रवाई : अभिजीत
दूसरी ओर इस निलंबन पर अभिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखकर अपनी भड़ास निकाली है. उन्होंने लिखा है कि रिंकू सिंह को समर्थन देने का फैसला उनकी निजी फैसला था, इसमें कांग्रेस के किसी भी पदाधिकारी की कोई भूमिका नहीं है. कांग्रेस का जो भी फैसला है, वह स्वीकार है.
साथ ही उन्होंने दूसरे पोस्ट में लिखा कि चुनाव में उनकी माता पार्टी की समर्थित प्रत्याशी थी. दूसरी ओर पार्टी के कई प्रखंड पदाधिकारी खुलेआम दूसरे प्रत्याशी के लिये काम कर रहे थे. तो क्या पार्टी उनके खिलाफ भी कार्रवाई करेगी?

You may have missed