जिले के जन वितरण प्रणाली संचालकों को मिला ई-पाश मशीन
विभागीय मंत्री डा. इरफान अंसारी हुए शामिल, कहा नये मशीन से होगा कई लाभ
जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में आयोजित ई-पॉश मशीन वितरण कार्यक्रम में राज्य के खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामला विभाग के मंत्री डॉ इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने 20 जन वितरण प्रणाली संचालकों के बीच सांकेतिक रूप से उक्त मशीन वितरित किया. गौरतलब है कि सभी जन वितरण प्रणाली संचालकों को 4जी ई-पॉश मशीन राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है. जिले में कुल 1242 जन वितरण प्रणाली विक्रेता कार्यरत हैं जिसमें अनुभाजन क्षेत्रान्तर्गत 427 एवं प्रखण्ड क्षेत्रान्तर्गत 815 जन वितरण प्रणाली विक्रेता शमिल हैं.
मंत्री डा. इरफान ने कहा कि नई मशीन से लाभुकों के साथ-साथ जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के समय की बचत होगी. अब अधिक सुगमता से लाभुक अपना खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे वहीं जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को भी तकनीकी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा. उन्होने कहा कि राज्य भर में धान अधिप्राप्ति योजना के तहत खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में बायोमीट्रिक सत्यापन कर निबंधित किसानों से धान का क्रय 15 दिसम्बर 2025 से किया जा रहा है. इस वर्ष किसानों को 2.450 रूपये प्रति क्विंटल की दर से एकमुश्त एवं त्वरित भुगतान का प्रावधान किया गया है. कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद उपाध्यक्ष, उप विकास आयुक्त, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, बीडीओ, एमओ, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी व अन्य संबंधित शामिल हुए.
जिले के 15,76,667 परिवारों को मिल रहा राशन
बता दें कि जिले में कुल 53 धान अधिप्राप्ति केन्द्रों में 4जी ई-पॉश मशीन के माध्यम से धान अधिप्राप्ति की जा रही है. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिले में 3,65,410 पूर्वविक्ता प्राप्त गृहस्थ परिवार के 14,05,466 सदस्यों एवं अंत्योदय अन्न योजना के तहत 54,015 परिवारों के 1,71,201 सदस्यों का राशन कार्ड बनाया गया है. इस प्रकार पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल 4,19,425 परिवारों का राशन कार्ड बनाया गया है, जिसमें कुल सदस्यों की संख्या 15,76,667 है. पूर्वविक्ता प्राप्त गृहस्थ परिवार अन्तर्गत 05 किलोग्राम प्रति सदस्य एवं अन्त्योदय अन्न योजना अन्तर्गत परिवारों को प्रति कार्ड 35 किलोग्राम खाद्यान्न (चावल एवं गेहूं) नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है.
