February 24, 2026

जिम में ‘रेकी’ फिर हत्या! एसटीएफ और दून पुलिस ने साजिशकर्ताओं को दबोचा

IMG-20260224-WA0005

देहरादून में विक्रम शर्मा मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश

देहरादून : देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल के पास गतदिनों हुए कुख्यात अपराधी विक्रम शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. झारखंड के इस कुख्यात अपराधी की हत्या की स्क्रिप्ट महीनों पहले लिखी गई थी. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने विक्रम को मारने के लिए जमशेदपुर और नोएडा में भी जाल बिछाया था, लेकिन भारी सुरक्षा के कारण वे सफल नहीं हो पाए. साजिश के तहत एक आरोपी अंकित वर्मा ने उसी जिम को जॉइन किया जहाँ विक्रम रोज जाता था. 3 महीने तक उसकी पल-पल की रेकी की गई.
घटना का दिन 13 फरवरी को अंकित ने ही शूटर्स को फोन कर बताया कि ‘विक्रम जिम में है, बाहर निकलते ही काम तमाम कर देना.’ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी आशुतोष अपराध की दुनिया में अपना नाम बनाना चाहता था और विक्रम उसका सबसे बड़ा कांटा था.
बताया तो यह भी जा रहा है कि जेल में विक्रम के गुर्गों ने शूटर विशाल को काफी परेशान किया था, जिसका बदला लेने के लिए यह प्लान बनाया गया. दूसरी ओर यह बात भी सामने आ रही है कि रेलवे फूड कॉन्ट्रैक्ट को लेकर विक्रम शर्मा और यशराज (स्कार्पियो मालिक) के बीच विवाद चल रहा था. हत्या के बाद आरोपी हरिद्वार भागे. उन्होंने पहचान छुपाने के लिए हरिद्वार से रेंट पर स्कूटी और बाइक ली थी. बाद में झारखंड नंबर की स्कार्पियो से नोएडा में एक छात्र के फ्लैट पर शरण ली. एसएसपी देहरादून ने फरार चल रहे मुख्य शूटर्स अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश, यशराज और जितेंद्र पर 25,000 रुपये का ईनाम घोषित किया है.