जमशेदपुर से कोलकाता व भुवनेश्वर की फ्लाइटें होंगी बंद!
आरसीएस का विस्तार नहीं मिलने से संकट : ‘इंडियावन एयर’ कंपनी ने कर्मचारियों को दी जानकारी
जमशेदपुर : बहरागोड़ा के पूर्व विधायक सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने आज टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन से वर्तमान में सोनारी स्थित हवाई अड्डा के रनवे के विस्तार (एटीआर साईज़ के जहाज़ों के उतर पाने के लिए आवश्यक) और रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस) के तहत चल रही इंडिया वन एयर की जमशेदपुर से कोलकाता व भुवनेश्वर की हवाई सेवा के आगामी क्रमश: 31 जनवरी व 28 फऱवरी तक बंद होने की संभावना को समाप्त करते हुए इसे आगे भी जारी रखने के लिए एयरपोर्ट पर टाटा स्टील द्वारा दी जा रही आर्थिक रियायतों को जारी रखने जैसे विषयों पर चर्चा की. दरअसल जमशेदपुर को कोलकाता और भुवनेश्वर से हवाई मार्ग जानेवाली इंडियावन एयर कंपनी ने अपने कर्मचारियों को ईमेल कर जानकारी दी है कि केंद्र सरकार की आरसीएस की वैधता ख़त्म होनेवाली है. अगर इसका विस्तार नहीं मिला तो 31 जनवरी से कोलकाता और 28 फऱवरी से भुवनेश्वर जानेवाली हवाई सेवा बंद कर दी जाएगी. आरसीएस की स्कीम बंद होने के साथ साथ टाटा कंपनी सोनारी एयरपोर्ट पर जो आर्थिक रियायतें देती है वह करार भी ख़त्म हो जाएगा जिसकारण सेवाओं को बंद करने के अलावा अब कोई दूसरा विकल्प नहीं रह जाता है.
इस दिशा में श्री षाड़ंगी ने श्री नरेद्रन से आग्रह किया कि कंपनी द्वारा इन दोनों सेवाओं को जारी रखने के लिए सोनारी एयरपोर्ट पर इंडिया वन एयर को जो रियायत दी जा ती है वो आगे भी जारी रखी जाए. कुणाल ने आग्रह किया कि जबतक धालभूमगढ एयरपोर्ट का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल जाता तबतक वर्तमान रनवे को विस्तार किया जाए ताकि एटीआर जहाज़ जो पहले यहां उतरते थे वह सुविधा जमशेदपुर वासियों को मिल सके.
वार्ता के दौरान श्री नरेंद्रन ने आश्वस्त किया कि अगर केंद्र सरकार आरसीएस को जमशेदपुर के लिए विस्तार देंगी तो टाटा कंपनी लैंडिंग चार्ज, पार्किंग चार्ज और टर्मिनल मैनेजमेंट के जो खर्चे पहले वहन कर रही थी वह आगे भी जारी रखेगी, ताकि यह सेवा जारी रहे. वर्तमान में स्थित सोनारी एयरपोर्ट के रनवे को बढ़ाने के लिए पहल हो रही है और तकनीकी प्रस्ताव बनवाने को संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है. कुणाल ने कहा कि वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करेंगे कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से वार्ता कर जमशेदपुर में आरसीएस को समय रहते विस्तार करवाया जाए ताकि शहर के लोगों के लिए यह सुविधा बंद न हो.

