जुबिली गोल्फ टूर्नामेंट 21-22 को, 230 गोल्फर लेंगे हिस्सा
पंजीकरण की अंतिम तिथि 18 तक, कई शहरों के खिलाड़ी दिखाएंगे अपना जौहर
जमशेदपुर : जुबिली गोल्फ टूर्नामेंट आगामी 21 और 22 फरवरी को गोलमुरी गोल्फ कोर्स में आयोजित होगा. उक्त आयोजन के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 18 फरवरी निर्धारित की गई है. आयोजकों के अनुसार इस दो दिवसीय टूर्नामेंट में लगभग 230 गोल्फरों के भाग लेने की संभावना है. जमशेदपुर सहित रांची, भुवनेश्वर, पुणे, पारादीप सहित विभिन्न शहरों से खिलाडिय़ों की भागीदारी रहेगी. यह टूर्नामेंट गोलमुरी क्लब और जमशेदपुर गोल्फ के तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसमें टाटा स्टील और अन्य सहयोगी संस्थाओं का सहयोग है. प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को फ्रांस, बैंकॉक, दुबई और हैदराबाद के लिए फ्लाइट टिकट दिए जाएंगे. टूर्नामेंट के समापन अवसर पर आयोजित होनेवाली प्राइज नाइट विशेष आकर्षण का केंद्र होगी. इस दौरान प्रसिद्ध बैंड ‘स्पर्श’ अपनी प्रस्तुति देगा. साथ ही कई प्रतिभाशाली गोल्फर भी अपने नृत्य और संगीत से कार्यक्रम में चार चांद लगाएंगे.
कार्यक्रम के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे. इनमें टाटा कमिंस के प्रबंध निदेशक नितिन जिराफ, उज्ज्वल चक्रवर्ती, एक्जीक्यूटिव-इन-चार्ज, टिनप्लेट डिवीजन, टाटा स्टील एवं चेयरमैन, गोलमुरी क्लब, राजेश रोशन, सचिव, गोलमुरी क्लब, नीरज सिन्हा, चीफ-सेफ्टी, टाटा स्टील एवं सचिव, जमशेदपुर गोल्फ, डी. बी. सुंदर रामम, वाइस प्रेसिडेंट कॉर्पोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील एवं कैप्टन, जमशेदपुर गोल्फ; एलन सिंह, सीईओ, जमशेदपुर गोल्फ, अभिजीत नानोटी, प्रबंध निदेशक, जेसीएपीसीपीएल तथा वरुण बजाज, चीफ कॉर्पोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील शामिल हैं.
