जुगसलाई : 351 निशान के साथ निकलेगी यात्रा
श्री श्याम गुणगान बाल मंडल का दो दिवसीय शरत ऋतु महोत्सव 29-30 को
जमशेदपुर : धार्मिक संस्था श्री श्याम गुणगान बाल मंडल, जुगसलाई द्वारा दो दिवसीय शरद ऋतु महोत्सव आगामी 29 व 30 दिसम्बर को महेश्वरी मंडल परिसर, जुगसलाई में धूमधाम से मनाया जायेगा. महोत्सव को सफल बनाने के लिये महेश्वरी मंडल जुगसलाई में शनिवार को हुई समीक्षा बैठक में मंडल की महिला सदस्यों ने भी हिस्सा लिया. संस्था के अध्यक्ष जितेन्द्र धूत एवं सचिव नीरज शर्मा ने बताया कि पहले दिन 29 दिसम्बर को दोपहर 2.31 बजे से विशाल निशान यात्रा माहेश्वरी मंडल परिसर जुगसलाई से आरंभ होकर मुख्य मार्गो से होते हुए बैकुण्ठ धाम सात मंदिर पहुंचेगी. निशान यात्रा का मुख्य आकर्षण बाबा श्याम की पालकी, मनमोहक झांकी, बैंड बाजा, 351 निशान, धमाल की अमृत वर्षा होगा. दूसरे दिन 30 दिसम्बर को भजनों की अमृत वर्षा हेतु राजस्थानी धमाल के लिए सुप्रसिद्ध गायिका कनिका ग्रोवर (इंदौर) एवं गायक प्रकाश मिश्रा (कोलकाता) सहित स्थानीय भजन सम्राट अशोक आगीवाल को आमंत्रित किया गया है. साथ ही लौहनगरी के महावीर अग्रवाल मुन्ना कार्यक्रम का संचालन करते हुए अपनी हाजिरी श्याम बाबा के दरबार में लगायेंगे. सागर मूर्ति म्यूजिकल ग्रुप साज में इनका साथ देंगे. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य दरबार, छप्पन भोग, अखंड ज्योत आदि होगा. बैठक में रेणु धुत, राधा, रश्मि, शिवानी, निक्की, ऋतु, श्वेता, डॉली, पूजा, संगीता, नेहा, शीतल, सुनीता, सिम्मी, सुमन, डिंपल, पूजा शाह, प्रियंका एवं सुनीता शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थी.
