कार्यक्रम स्थलों, एयरपोर्ट व रूट लाइन का निरीक्षण, कारकेड रिहर्सल में हुए शामिल
कोल्हान आयुक्त व डीआईजी नेे शहर पहुंच राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारियों का लिया जायजा
जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कल जमशेदपुर आगमन के मद्देनजर कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम तथा पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोटा ने जिला प्रशासन की तैयारियों का जायजा लिया. इसी दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय सहित वरीय अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों श्री जगन्नाथ स्प्रिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर, कदमा एवं मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का स्थल निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट से कदमा एवं बारीडीह अवस्थित कार्यक्रम स्थल तक की सुरक्षा व्यवस्था, परिगमन मार्ग, कार्यक्रम स्थल की संरचना, आगंतुकों समेत सामान्य लोगों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की. मौके पर मौजूद सभी संबंधित पदाधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कार्यक्रम के सुचारू एवं सुव्यवस्थित आयोजन के संदर्भ में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रशासनिक एवं पुलिस की तैयारियों के बारे में आयुक्त को अवगत कराया तथा सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग एवं बलों की तैनाती की जानकारी दी. उन्होंने बताया सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारकेड रिहर्सल संपन्न कराया गया है तथा प्रतिनियुक्त फोर्स तथा मजिस्ट्रेट की संयुक्त ब्रीफिंग कर सभी को उनकी जिम्मेवारियों के बारे में अवगत कराया जा चुका है.
