March 14, 2026

कच्चे आहार से बिना दवाइयों के भी स्वास्थ्य में सुधार संभव

IMG-20260313-WA0010

ब्रह्माकुमारीज सोनारी सेंटर में 3 दिवसीय प्राकृतिक स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक जागरुकता शिविर शुरु

जमशेदपुर : ब्रह्माकुमारीज के सोनारी सेंटर यूनिवर्सल पीस पैलेस रिट्रीट सेंटर में तीन दिवसीय प्राकृतिक स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक जागरूकता शिविर का शुभारंभ हुआ, जिसमें लगभग 100 लोगों ने भाग लिया. शिविर का उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक जीवनशैली, रोगमुक्त जीवन और आध्यात्मिक संतुलन के प्रति जागरूक करना है. प्रात:कालीन सत्र में अंजू दीदी ने आध्यात्मिक कक्षा में मन की शांति, सकारात्मक सोच और ध्यान के महत्व पर प्रकाश डाला. तत्पश्चात प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. रमेश टेवानी (भोपाल) ने बताया कि किस प्रकार कच्चे आहार (अपक्व आहार), उपवास और प्राकृतिक जीवनशैली के माध्यम से शरीर स्वयं को स्वस्थ कर सकता है.
डॉ. टेवानी ने कहा कि आज अधिकांश बीमारियां गलत खान-पान, शरीर में विषाक्त पदार्थों के जमाव और असंतुलित जीवनशैली के कारण उत्पन्न होती है. यदि शरीर को उपवास द्वारा विश्राम दिया जाए और उसे फल, सब्जियों तथा प्राकृतिक आहार से पोषण मिले तो शरीर की प्राकृतिक उपचार क्षमता स्वयं सक्रिय हो जाती है. उन्होंने बताया कि उपवास शरीर की सफाई (डिटॉक्स) करता है और कच्चा प्राकृतिक आहार शरीर की शक्ति को पुन: संतुलित करता है, जिससे बिना दवाइयों के भी स्वास्थ्य में सुधार संभव है. शिविर में प्रतिभागियों को पूर्णत: प्राकृतिक कच्चे आहार से बने स्वादिष्ट व्यंजन भी परोसे गए. इससे यह संदेश दिया गया कि प्राकृतिक आहार न केवल स्वास्थ्यवर्धक बल्कि स्वादिष्ट भी हो सकता है. यह शिविर आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा.