कदमा : गीत-संगीत ने माहौल को बनाया होलीमय
भूमिहार महिला समाज का होली मिलन समारोह
जमशेदपुर : भूमिहार महिला समाज द्वारा कदमा स्थित ब्रह्मर्षि भवन में हर्षोल्लास के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमे समाज की 200 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रंगों के इस पावन पर्व को प्रेम, एकता एवं उल्लास के साथ मनाया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वामी सहजानंद सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा श्री गणेश वंदना से की गई. इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत भाषण प्रस्तुत किया गया.
संस्था की अनु सिंह ने महिलाओं के हित में चल रहे सामाजिक कार्यों, रोजगार के प्रयास, पौधरोपण, पाठ्य सामग्री वितरण, महिला सशक्तिकरण अभियान एवं हेल्थ कैंप आदि की जानकारी साझा की. होली मिलन समारोह में ढोल की मधुर थाप पर होली गीतों और फाग संगीत ने पूरे वातावरण को रंगमय बना दिया. ढोल वादन के साथ सभी महिलाओं ने गुलाल खेलकर, नृत्य एवं सामूहिक फाग गीतों के माध्यम से उत्सव का भरपूर आनंद लिया, जिससे कार्यक्रम में पारंपरिक होली का विशेष आकर्षण देखने को मिला.
साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, संगीत, होली परिधान प्रतियोगिता एवं विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को ट्रॉफी एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया.
