March 16, 2026

खेल-खेल में बच्चों को मिली चंद्र व सूर्य ग्रहण की जानकारी

IMG-20260315-WA0013

वैज्ञानिक आइंस्टीन की जयंती पर पलासबनी में आयोजन

जमशेदपुर : विश्वप्रसिद्ध वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन की जयंती के अवसर पर एनएच-33 स्थित पलासबनी पंचायत के सिलपहाड़ी गांव में खगोलविज्ञान पर चर्चा एवं टेलिस्कोप के माध्यम से आकाश दर्शन का आयोजन किया गया. उक्त आयोजन बिदू चांदान ट्रस्ट फॉर ट्राइबल सेल्फ एंपावरमेंट तथा ब्रेकथ्रो साइंस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत में प्रतिभागियों को दिल्ली यूनिवर्सिटी के पीएचडी शोधार्थी शुभम तन्मय ने खगोल विज्ञान की मूलभूत अवधारणाओं, यूनिवर्स, हमारे ग्रह-नक्षत्रों और अन्य आकाशीय पिंडों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी. बच्चों को खेल के माध्यम से चंद्र ग्रहण और सूर्य ग्रहण आदि के बारे में बताया गया. उन्होंने वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन के जीवन, उनके वैज्ञानिक योगदान और उनके प्रसिद्ध सिद्धांतों जैसे सापेक्षता सिद्धांत के बारे में भी जानकारी दी. इस दौरान आइंस्टीन से जुड़ी पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई.
कार्यक्रम का आकर्षण साइंस सोसायटी द्वारा टेलिस्कोप के माध्यम से कराया गया आकाश दर्शन था, जिसमें लोगों ने आकाश में दिखाई देनेवाले ग्रहों और तारों को नजदीक से देखा और उनके बारे में जानकारी प्राप्त की. सोसायटी की टीम ने अंतरिक्ष से जुड़े रोचक तथ्यों को साझा किया तथा समाज में फैले विभिन्न अंधविश्वासों के बारे में बच्चों से संवाद किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में सोसायटी के डॉ तरुण कुमार महतो, पतित कुइला, युधिष्ठिर महतो, सोनी सेनगुप्ता तथा विप्रा फाउंडेशन की ओर से प्रकाश, विकास और प्रज्ञा सिंह उपस्थित थे. इसके अलावा फादर एलेक्स, शुभम तन्मय, अर्जुन सोरेन, सुखलाल, डॉ. रत्नेश कुमार, मनोज कुजूर, अवांग कोन्याक, अंकुर शाश्वत, विकास कुमार एवं बिदू चांदान ट्रस्ट फॉर ट्राइबल सेल्फ एंपावरमेंट से जुड़े विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे.