February 11, 2026

खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना, आगे बढऩे को किया प्रेरित

IMG-20251225-WA0001

सांसद खेल महोत्सव का समापन, माइकल जॉन सभागार में कार्यक्रम आयोजित

जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लिए ‘खेलो इंडिया’ एवं ‘फिट इंडिया’ के माध्यम से साकार करने की दिशा में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ का समापन जिले में हो गया. इस मौके पर बिष्टुपुर माइकल जॉन सभागार में कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें सांसद विद्युत बरण महतो की उपस्थिति ने खिलाडिय़ों और आयोजकों का उत्साह बढ़ाया. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा के महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा आदि शामिल थे. इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अतिथियों ने उन्हें नमन किया.
सांसद ने युवाओं से खेल और योग को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राज्य, शहर और देश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करने का आह्वान किया. सरयू राय ने कहा कि झारखंड आज क्रिकेट, हॉकी और फुटबॉल जैसे खेलों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और ऐसे आयोजनों से भविष्य में और अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आएंगे, जो देश का गौरव बढ़ाएंगे. विधायक पूर्णिमा साहू ने खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया.
इस अवसर पर कुल आठ खेलों का आयोजन किया गया था, जिसमें मैराथन, बैडमिंटन, खो खो, योगासन, कबड्डी, वॉलीबॉल, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग सहित फुटबॉल शामिल था. सभी खेलों के प्रशिक्षकों और आयोजन में अपनी सराहनीय भूमिका निभानेवाले पदाधिकारी को शाल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऑनलाइन संबोधन सभी ने सुना. कार्यक्रम में पूर्व विधायक मेनका सरदार, नीरज सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, अनिल सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, चित्तरंजन वर्मा, गुंजन यादव, प्रशांत पोद्दार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.