ACB arrested police sub inspector : चंदवारा थाने के दारोगा 15 हजार रुपए रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढ़े | Jharkhand News
Jharkhand ACB arrested police sub inspector
- हजारीबाग एसीबी ने की कार्रवाई, नकली शराब केस में मांगी थी रकम
Koderma/Jharkhand : झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को आगे बढ़ाते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की हजारीबाग टीम ने गुरुवार को कोडरमा जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने चंदवारा थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर (दारोगा) पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दारोगा पर आरोप है कि वह नकली शराब से जुड़े एक मामले में अभियुक्तों को राहत देने के नाम पर मोटी रकम की मांग कर रहे थे।
नकली शराब कांड में राहत के बदले सौदा
मिली जानकारी के अनुसार, चंदवारा थाना क्षेत्र में पूर्व में नकली शराब का एक मामला दर्ज किया गया था, जिसमें कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। इस मामले के अनुसंधानकर्ता पवन कुमार राम आरोपियों से मामले को रफा-दफा करने के लिए भारी-भरकम रिश्वत की डिमांड कर रहे थे। परेशान होकर पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत विधायक जयराम महतो से की। विधायक के निर्देश पर स्थानीय व्यक्ति प्रेम चंद्र नायक ने इस मामले को गंभीरता से लिया और अभियुक्तों की ओर से कानूनी पैरवी का जिम्मा संभाला।
एक लाख की मांग, 15 हजार की पहली किस्त पर बिछा जाल
शिकायतकर्ता प्रेम चंद्र नायक के अनुसार, सब इंस्पेक्टर पवन कुमार राम ने मामले को सुलझाने के बदले एक लाख रुपये की मांग की थी। काफी मिन्नतें करने के बाद सौदा तय हुआ। इसी बीच प्रेम चंद्र नायक ने पूरे मामले की जानकारी हजारीबाग एसीबी को दे दी। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर दारोगा को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
गुरुवार को तय रणनीति के तहत, जैसे ही प्रेम चंद्र नायक ने चंदवारा थाना परिसर में दारोगा पवन कुमार राम को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 15,000 रुपये थमाए, पहले से सतर्क एसीबी की टीम ने उन्हें दबोच लिया।
थाना परिसर में मची खलबली, हजारीबाग ले गई टीम
दारोगा की गिरफ्तारी के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम ने पवन कुमार राम के पास से रिश्वत के रंग लगे हुए नोट बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तारी की औपचारिकताओं के बाद टीम आरोपी दारोगा को अपने साथ हजारीबाग ले गई है, जहाँ उनसे सघन पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद कोडरमा पुलिस महकमे में हड़कंप व्याप्त है।
