March 9, 2026

कोर्ट के आदेश पर सोनारी दास बस्ती में हटा अतिक्रमण

IMG-20260309-WA0010

● दंडाधिकारी व भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र की पुराना सोनारी दास बस्ती में सोमवार को कोर्ट के आदेश के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई. प्रशासन की मौजूदगी में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती के बीच अवैध निर्माण को हटाया गया. जानकारी के अनुसार यह मामला लगभग 24-25 वर्षों से विवादित था और न्यायालय में मामला लंबित था. आरोप था कि जमीन के वास्तविक मालिक की अनुमति के बिना बिल्डर द्वारा वहां निर्माण कर दिया गया था. इस मामले को लेकर लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया चली और आखिरकार अदालत ने जमीन मालिक के पक्ष में फैसला सुनाते हुए अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया.
कोर्ट के आदेश के बाद सोमवार को लगभग 11 बजे उक्त स्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की. प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए इलाके में पुलिस बल की तैनाती की और संबंधित निर्माण को हटा दिया. इस दौरान कुछ लोग जमीन पर अपना दावा लेकर सामने भी आए और उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन की मापी सही तरीके से नहीं की गई है. हालांकि प्रशासन ने विरोध को दरकिनार करते हुए कोर्ट के आदेश के अनुसार कार्रवाई पूरी कराई. स्थानीय प्रशासन का कहना है कि कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए यह कदम उठाया गया है और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी.