करीम सिटी के छात्र आयुष्मान ने जीता प्रथम पुरस्कार
आस्था स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में वाद विवाद प्रतियोगिता
जमशेदपुर : ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित आस्था स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में गतदिनों आयोजित राष्ट्रीय स्तर की वाद-विवाद प्रतियोगिता “युग्मा” में देशभर के लगभग 45 महाविद्यालयों के 170 विद्यार्थी शामिल हुए. प्रतियोगिता में करीम सिटी कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई. महाविद्यालय के छात्र आयुष्मान कुमार शर्मा ने उत्कृष्ट वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया. उन्हें प्रमाण-पत्र, उपहार सामग्री, विजेता ट्रॉफी के साथ-साथ 25 हजार रुपये की नकद राशि भी प्रदान की गई.
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज़ ने आयुष्मान कुमार शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छह सदस्यीय छात्र दल का नेतृत्व सैयद साजिद परवेज़ ने किया. दल के अन्य सदस्य मो. हसन रज़ा, अब्दुल कादिर, तायबा समीम, हरनीत बाव़ा एवं रोहित कुमार थे. महाविद्यालय परिवार, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. आलेय अली, डॉ कौसर तसनीम तथा डॉ. याहिया इब्राहिम ने भी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया.
