February 13, 2026

कसरत कर लौटते वक्त शहर के हिस्ट्रशीटर विक्रम शर्मा की हत्या

IMG-20260213-WA0004

देहरादून के पॉश इलाका राजपुर रोड पर सिल्वर सिटी मॉल की घटना, पुलिस जुटी जांच में

जमशेदपुर : शहर के कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह (वर्तमान में दुमका जेल में बंद) के गुरु रहे हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा की आज उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गोली मारकर हत्या कर दी गयी. उक्त घटना आज सुबह लगभग 10 बजे की है. उन्हें उस वक्त गोली मारी गयी जब वे सिल्वर सिटी मॉल स्थित जिम से कसरत कर वापस लौट रहे थे. बताया जाता है कि विक्रम शर्मा हमेशा अपने साथ लाईसेसी पिस्टल रखते थे. घटना के वक्त भी पिस्टल उनके कमर में ही था, लेकिन हमलावर इतनी जल्दी में घटना को अंजाम दिया कि उन्हें संभलने का मौका ही नही मिला. इस वारदात से देहरादून से लेकर जमशेदपुर तक सनसनी फैल गई है. दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई. ज्ञात हो कि जमशेदपुर में भी उनके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है. विक्रम शर्मा मॉल परिसर स्थित जिम से बाहर निकल रहे थे. इसी दौरान सीढिय़ों के पास पहले से घात लगाए दो हमलावर पैदल पहुंचे और बेहद नजदीक से पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. तीन गोलियां लगने से विक्रम शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया हत्या सुनियोजित प्रतीत होती है. जिस तरीके से नजदीक से फायरिंग की गई, उससे साफ है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. शहर के बीचों-बीच हुई इस दुस्साहिक वारदात ने पुलिसिया सुरक्षा तंत्र की धज्जियां उड़ा दी हैं.

प्रॉपर्टी डीलिंग व स्टोन क्रशर व्यवसाय से जुड़े थे
बताया जाता है कि विक्रम शर्मा प्रॉपर्टी डीलिंग व स्टोन क्रशर व्यवसाय से जुड़े थे. सूत्रों के अनुसार उनका नाम दुमका जेल में बंद कुख्यात अपराधी अखिलेश सिंह से भी जोड़ा जाता रहा है. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की बात कही है. घटना के बाद मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोलियों की आवाज सुनते ही लोग इधर-उधर भागने लगे. दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस हत्या ने आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है. उल्लेखनीय है कि बीते 15 दिनों के भीतर देहरादून में यह पांचवीं हत्या बताई जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

पिस्तौल निकालने तक का नहीं मिला समय
वारदात की सबसे चौंकानेवाली बात यह रही कि विक्रम शर्मा सुरक्षा के लिहाज से हमेशा अपनी लाइसेंसी पिस्टल साथ रखते थे. घटना के वक्त भी पिस्टल उनकी कमर में ही बंधी थी, लेकिन हमलावरों ने इतनी सटीक प्लानिंग और तेजी से हमला किया कि विक्रम को अपनी रक्षा में हथियार निकालने तक का अवसर नहीं मिला. बदमाशों ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी, जिससे वे वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही विक्रम शर्मा की पत्नी सोनिया शर्मा बदहवास हालत में मौके पर पहुंची. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. एसएसपी अजय सिंह ने स्वयं कमान संभालते हुए घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने सिल्वर सिटी मॉल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है.